समाचार · मध्य प्रदेश
कटनी में चुनावी रंजिश में लाठी-डंडे चले:3 लोग गंभीर घायल, गांव में पुलिस तैनात; 6 आरोपियों पर केस दर्ज
कटनी जिले के बाकल थाना क्षेत्र के ग्राम कूड़ा में पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर मंगलवार देर रात दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। लाठी-डंडों से हुए हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गाली-गलौज का विरोध करने पर किया हमला पुलिस के अनुसार, 71 वर्षीय राजकुमार लोधी ने बाकल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गांव के श्रीकृष्ण गेट के पास शिव कुमार शर्मा, गिरजा बाई शर्मा और उनके छह अन्य साथी पुरानी चुनावी रंजिश के चलते गाली-गलौज कर रहे थे। जब इंद्रपाल सिंह लोधी, अनार सिंह लोधी और जागेश्वर लोधी ने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तीनों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गांव में तनाव, भारी पुलिस बल पहुंचा घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही बाकल और बहोरीबंद थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। फिलहाल हालात सामान्य बताए जा रहे हैं। बाकल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इनमें धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), धारा 191(2) एवं 191(3) (बलवा), धारा 296ए (गाली-गलौज) और धारा 190 (गैरकानूनी जमाव) सहित अन्य धाराएं शामिल हैं। तीनों घायलों का इलाज जारी गंभीर रूप से घायल इंद्रपाल, अनार सिंह और जागेश्वर लोधी को बहोरीबंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।