समाचार · मध्य प्रदेश
नर्मदापुरम में ममेरे भाई ने घर के ताले तोड़े:मकान बनाने अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपए चुराए, पैसे रखे होने की जानकारी पहले से थी
नर्मदापुरम कालिका नगर में किराए के मकान में रहने वाले एक पिकअप चालक के घर चोरी का मामला सामने आया है। चोरी करने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसका ममेरा भाई निकला। आरोपी ने सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपए चुरा लिए। पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके पास से चोरी की रकम भी बरामद कर ली गई है। फरियादी महेंद्र ने बताया कि वह कालिका नगर में किराए के मकान में रहता है और पिकअप चलाता है। घटना के दिन वह भोपाल गया हुआ था। शाम को घर लौटा तो दरवाजे का ताला गायब मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपए नहीं थे। इसके बाद उसने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। पड़ोसियों ने घर के पास घूमते देखा था
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई विशाल नागवे ने टीम के साथ जांच शुरू की। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह महेंद्र का ममेरा भाई सदानंद कहार घर के बाहर देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सदानंद कहार ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए डेढ़ लाख रुपए भी बरामद कर लिए हैं। कोतवाली थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि आरोपी ने अपने रिश्तेदार के घर का ताला तोड़कर चोरी की थी। मामले का खुलासा बुधवार को किया जाएगा। महेंद्र ने बताया कि उसका नया मकान बन रहा है। मजदूरों, ठेकेदार और निर्माण सामग्री का भुगतान करने के लिए उसने नकद डेढ़ लाख रुपए घर की अलमारी में रखे थे। सदानंद कहार सब्जी की दुकान लगाता है और उसका घर आना-जाना भी था। इसी वजह से उसे घर में रखे पैसों की जानकारी थी।