समाचार · उत्तर प्रदेश
चित्रकूट में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला: बोले- राम-कृष्ण नहीं, बाबर-औरंगजेब को आदर्श मानते हैं समाजवादी

CM Yogi Adityanath : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को चित्रकूट दौरे के दौरान 951 करोड़ रुपये की लागत वाली 24 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सीएम योगी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा के लोग राम-कृष्ण नहीं, बल्कि बाबर और औरंगजेब को अपना आदर्श मानते हैं. सीएम योगी ने आगे कहा कि सपा की इसी मानसिकता के कारण प्रदेश पिछड़ता गया.
विपक्ष पर राम और कृष्ण को लेकर तीखा हमला
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर बरसे. उन्होंने कहा कि आज के समाजवादी खुद को भगवान राम से दूर रखते हैं. उनके मुताबिक, विपक्ष भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण की विरासत को स्वीकार नहीं करता, बल्कि बाबर और औरंगजेब को अपना आदर्श मानता है. सीएम योगी ने दावा किया कि जिन लोगों की आस्था भारत की सांस्कृतिक विरासत में नहीं है, वे जनता का विश्वास भी खो चुके हैं.
राम मंदिर और विरासत की राजनीति फिर बनी मुद्दा
सीएम योगी आदित्यनाथ का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अयोध्या के राम मंदिर, सनातन संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को लेकर सियासी बहस लगातार तेज बनी हुई है. इससे पहले भी मुख्यमंत्री कई मंचों से विपक्ष पर भगवान राम और भारतीय संस्कृति की उपेक्षा करने का आरोप लगाते रहे हैं. उधर, विपक्ष इन आरोपों को राजनीतिक ध्रुवीकरण की कोशिश बताकर खारिज करता रहा है.
2027 चुनाव से पहले तेज हुई सियासी बयानबाजी
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक हमले लगातार तेज होते दिख रहे हैं. एक ओर भाजपा विकास कार्यों और सांस्कृतिक विरासत को अपनी उपलब्धि बता रही है, तो दूसरी ओर विपक्ष महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेर रहा है. ऐसे में चित्रकूट से योगी आदित्यनाथ का यह बयान प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ने वाला माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- राम मंदिर 'चोरी' केस में चंपत राय का पलटवार, बोले- SBI ने ही तोड़े अपने नियम