Thursday, 9 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

विदिशा अस्पताल के गेट पर डिलीवरी, 3 नर्सिंग अधिकारी सस्पेंड:लेबर रूम से बाहर निकली प्रसूता की नहीं ली सुध, नवजात को लेने भी नहीं पहुंचा स्टाफ

INT News8 July 2026 at 10:58 pm

विदिशा जिला अस्पताल में प्रसूति वार्ड के मुख्य गेट पर महिला की डिलीवरी होने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही पाए जाने पर सीएमएचओ ने नर्सिंग अधिकारी मनीषा सातपुते, अरुंधती पंवार और ज्योति कुशवाह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 2 जुलाई की रात हुई घटना के बाद की गई है। प्रसूता सुखवती यादव की डिलीवरी प्रसूति वार्ड के मुख्य गेट पर ही हो गई थी। घटना के बाद तीनों नर्सिंग अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। जांच में सामने आई कई लापरवाही विभागीय जांच में सामने आया कि गर्भवती महिला लेबर रूम से बाहर चली गई थी, इसके बावजूद ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। नवजात को लेने भी कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा और न ही ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों को स्थिति की जानकारी दी गई। प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबन सीएमएचओ ने घटना को गंभीर और संवेदनशील मानते हुए तीनों नर्सिंग अधिकारियों को प्रथम दृष्टया दोषी माना। उन्हें मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सिविल अस्पताल, गंजबासौदा रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। पहले तीन गार्ड हटाए गए, एजेंसी पर लगा था जुर्माना इस मामले में इससे पहले प्रशासन सुरक्षा एजेंसी के तीन गार्डों को हटाने की कार्रवाई कर चुका है। साथ ही सुरक्षा एजेंसी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया था। अब स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद मामले में लापरवाही बरतने वाले चिकित्सा कर्मियों पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।