Tuesday, 30 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

एलेप्पी एक्सप्रेस में लावारिस बैग से निकला 7.18 लाख का गांजा, आरपीएफ को बोकारो स्टेशन पर मिली कामयाबी

INT News30 June 2026 at 09:55 pm

बोकारो से धर्मनाथ कुमार

Bokaro News: मंगलवार को बोकारो रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की. ट्रेन संख्या 13352 एलेप्पी एक्सप्रेस के जनरल कोच में लावारिस पड़े दो बैगों से 14.364 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. आरपीएफ बोकारो के एसी संतोष कुमार ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 7,18,200 रुपये आंकी गई है. मामले में जीआरपी बोकारो ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

लावारिस बैग ने खींचा जवानों का ध्यान

आरपीएफ पोस्ट बोकारो और सीआईबी/आद्रा की संयुक्त टीम नियमित जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान बोकारो स्टेशन पहुंची एलेप्पी एक्सप्रेस के जनरल कोच के लगेज रैक पर रखे दो बैग संदिग्ध प्रतीत हुए. टीम ने आसपास मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की, लेकिन कोई भी व्यक्ति उसका मालिक नहीं निकला. इसके बाद बैगों को प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित नये जीआरपी कार्यालय के समीप ले जाकर जांच की गई.

छह पैकेट में छिपाकर रखी गई थी 7.18 लाख रुपये की खेप

बैग खोलने पर भूरे टेप से लिपटे छह पैकेट मिले. एक पैकेट की जांच करने पर उसमें गांजा होने की पुष्टि हुई. इसके बाद एएससी/आरपीएफ बोकारो दीपक सोंटक्के की निगरानी में गवाहों की मौजूदगी में पूरी खेप को जब्त किया गया. बरामद गांजे का कुल वजन 14.364 किलोग्राम पाया गया.

जीआरपी ने दर्ज किया केस, तस्कर की तलाश शुरू

जब्त गांजे को जीआरपीएस बोकारो के हवाले कर दिया गया. इस मामले में कांड संख्या 15/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)B में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रेन में लावारिस बैग किसने रखा और इसके पीछे कौन-सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है. आरपीएफ ने बताया कि रेलवे के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत आगे भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें…

श्रीलंका में बोकारो के मल्लिकार्जुन का जलवा, जंप रोप में दो स्वर्ण जीत भारत का बढ़ाया मान

Bokaro: हल्की बारिश ने फिर खोली BSL की पोल, सड़क पर जमा हुआ घुटने भर पानी