Wednesday, 1 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

रिम्स के सेंट्रल किचन में गंदगी देख भड़के डायरेक्टर, औचक निरीक्षण में मेडिसिन विभाग भी पहुंचे

INT News30 June 2026 at 10:13 pm

बिपिन सिंह

RIMS News: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में प्रशासनिक फेरबदल के बाद लगातार औचक निरीक्षण का दौर जारी है. इस क्रम में मंगलवार को रिम्स निदेशक प्रो डॉ डीके सिन्हा एवं चिकित्सा अधीक्षक प्रो डॉ हिरेन्द्र बिरुआ ने अन्य अधिकारियों के साथ मेडिसिन विभाग और अस्पताल में भर्ती मरीजों को भोजन उपलब्ध कराने वाले सेंट्रल किचन का औचक निरीक्षण किया. मेडिसिन विभाग में निरीक्षण के दौरान निदेशक प्रो (डॉ) डीके सिन्हा ने कहा कि मेडिसिन विभाग किसी भी चिकित्सा संस्थान की रीढ़ होता है. संस्थान में आने वाले अधिकांश मरीजों के उपचार की शुरुआत इसी विभाग से होती है.

सबसे पहले मेडिसिन विभाग में जाते हैं मरीज

निदेशक डॉ सिन्हा ने कहा कि संस्थान में आने वाले अधिकांश मरीजों को सबसे पहले मेडिसिन विभाग के चिकित्सकों (फिजिशियन) द्वारा देखा जाता है. यह टीम मरीजों के लक्षणों को समझकर शुरुआती जांच और निदान करती है. इसलिए इस विभाग का सुदृढ़ एवं संसाधन-संपन्न होना अत्यंत आवश्यक है. मौके पर जानकारी लेकर उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली, चिकित्सकीय सेवाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की. निरीक्षण के क्रम में निदेशक ने विभाग के उपस्थिति पंजी की भी जांच की. इस दौरान विभागाध्यक्ष अनुपस्थित थे, जानकारी मिली कि वह अवकाश पर हैं.

मरीजों को बेहतर इलाज देने का निर्देश

निदेशक ने उपस्थित चिकित्सकों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान निदेशक ने विभाग के अन्य संकाय सदस्यों से भी विस्तारपूर्वक चर्चा की तथा विभाग में उपलब्ध संसाधनों, मरीजों की बढ़ती संख्या, उपचार संबंधी आवश्यकताओं एवं विभिन्न चुनौतियों की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों को समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का आह्वान किया. निदेशक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि रिम्स प्रशासन संस्थान के सभी विभागों को सुदृढ़ बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है.

केंद्रीय रसोई का किया निरीक्षण, गंदगी देख भड़के

अस्पताल के इन पेशेंट डिपार्टमेंट (आईपीडी) के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची के निदेशक ने मंगलवार दोपहर लगभग 12:00 बजे केंद्रीय रसोई घर (सेंट्रल किचन) का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान किचन में गंदगी देख उन्होंने अपनी नाराजगी जताई. निरीक्षण के दौरान रसोई घर के अंदर के हिस्सों में स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर निदेशक ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि रसोई घर में साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा के सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि मरीजों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा. किचन में खाली बोरे को कोने में ठूंस कर रखा गया था. साथ ही किचन के स्लैब पर तेल चिपका हुआ था. उनके साथ चिकित्सा अधीक्षक प्रो डॉ हिरेन्द्र बिरुआ, उप चिकित्सा अधीक्षक सहित संस्थान के अन्य वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे. उन्होंने मरीजों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप उसकी मात्रा की भी जांच की.

सेंट्रल किचन का रिकॉर्ड खंगाला गया

निरीक्षण के क्रम में रसोईघर के कर्मचारियों के उपस्थिति पंजी (अटेंडेंस रजिस्टर) की भी जांच की गई. निदेशक ने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, रसोईघर की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के भंडारण, भोजन वितरण व्यवस्था और इसके रिकॉर्ड को खंगाला. निदेशक ने कहा कि रिम्स में भर्ती प्रत्येक मरीज को निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है.

ये भी पढ़ें…

जेपीएससी सिविल सर्विस पीटी रिजल्ट जारी होने का रास्ता साफ, उम्र सीमा विवाद पर हाईकोर्ट ने खत्म की सुनवाई

सीसीएल कर्मी को राहत: 39 साल की नौकरी के बाद कर दिए गए थे बर्खास्त, हाईकोर्ट ने आदेश किया निरस्त