समाचार · बिहार
अनंत सिंह का ऐलान- अगला विधानसभा चुनाव निर्दलीय लड़ेंगे, बोले- पार्टी में रहने पर बंट जाता है वोट

Anant Singh: मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा संकेत दिया है. उन्होंने कहा है कि अगला विधानसभा चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ेंगे. इसकी वजह भी उन्होंने बताई. अनंत सिंह के मुताबिक, पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने से उनका वोट बंट जाता है, जबकि निर्दलीय मैदान में उतरने पर उन्हें ज्यादा वोट मिलते हैं.
उनका यह बयान उत्तर प्रदेश के सैयदराजा से बीजेपी विधायक सुशील सिंह के साथ बातचीत के दौरान सामने आया. सुशील सिंह 23 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी की हल्दी रस्म में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान दोनों के बीच चुनाव और राजनीति को लेकर बातचीत हुई. अब इस बातचीत का वीडियो सामने आया है. इसमें अनंत सिंह अपने पिछले चुनावी सफर के साथ अगली रणनीति पर भी बात करते नजर आ रहे हैं.
अनंत सिंह बोले- अगला चुनाव निर्दलीय लड़ेंगे
वीडियो में अनंत सिंह अपने पुराने चुनावी सफर का जिक्र करते हुए कहते हैं, "पिछली बार चुनाव जीते तो सजा हो गई… फिर पत्नी लड़ी… फिर निकलकर हम लड़े…"
इसके बाद वह अपनी अगली चुनावी रणनीति बताते हुए कहते हैं, "निर्दलीय लड़ेंगे..." इस पर सुशील सिंह के समर्थक भी प्रतिक्रिया देते हैं. वे कहते हैं कि निर्दलीय ये भी लड़े हैं.
बातचीत के दौरान अनंत सिंह अपनी जीत का गणित भी समझाते हैं. उनका कहना है कि निर्दलीय चुनाव लड़ने पर उन्हें जितने वोट मिलते हैं, उतने पार्टी के टिकट पर नहीं मिलते. पार्टी में रहने से उनका वोट बंट जाता है. इसी वजह से उन्होंने अगला चुनाव निर्दलीय लड़ने की बात कही है.
सुशील सिंह की गाड़ी का हुआ था एक्सीडेंट
अनंत सिंह से मुलाकात के बाद लौटते समय सुशील सिंह की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया था. बताया गया कि सामने से आ रही एक गाड़ी उनके काफिले में घुस गई और टक्कर हो गई. इस घटना को लेकर रास्ते में उनकी गाड़ी पर हमले के आरोप भी लगाए जा रहे हैं. हालांकि, हमले के दावे की पुष्टि नहीं हुई है. यह जांच का विषय है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जेडीयू से निष्कासन के बाद अनंत सिंह के अगले कदम पर नजर
अनंत सिंह 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में जेडीयू के टिकट पर मोकामा से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे. हालांकि, पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में उन्हें छह साल के लिए जेडीयू से निष्कासित कर दिया गया है. इसके बाद से ही उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं.
राजनीतिक गलियारों में उनके बेटे के चुनाव लड़ने से लेकर खुद लोकसभा चुनाव में उतरने तक की चर्चा है. अब अनंत सिंह के निर्दलीय विधानसभा चुनाव लड़ने वाले बयान ने इन अटकलों को नया मोड़ दे दिया है. हालांकि, उन्होंने अभी यह साफ नहीं किया है कि वह किस चुनाव में और कब निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरेंगे.
Also Read: नीतीश कुमार और ललन सिंह आएंगे या नहीं? अनंत सिंह ने दिया ऐसा जवाब, बोले- कौन बीमार पड़ जाएगा, कैसे बताएं