Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

1 दिन में 2 देहदान...गार्ड ऑफ ऑनर के साथ विदाई:नेत्र और त्वचादान भी किया; इंदौर के मेडिकल कॉलेजों को सौंपा गया पार्थिव देह

INT News24 November 2026 at 09:39 pm

अपनों को खोने का दुख किसी भी परिवार के लिए असहनीय होता है, लेकिन इंदौर के दो परिवारों ने इस दुख की घड़ी में ऐसा फैसला लिया, जिससे कई लोगों की जिंदगी संवर सकेगी। शहर में एक ही दिन में दो देहदान किए गए। दोनों दिवंगतों के नेत्रदान और त्वचादान के साथ उनकी पार्थिव देह भी चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए समर्पित की गई। खास बात यह रही कि मध्यप्रदेश शासन के आदेशानुसार दोनों देहदानियों को पुलिस प्रशासन ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी। पहला देहदान बैकुंठ धाम कॉलोनी निवासी कमलाबाई समरथमल संघवी के निधन के बाद उनके परिवार ने किया। नरेंद्र, सुनील, मधु, उमरावमल और दिलीप संघवी सहित परिवार के सदस्यों ने उनके अंग एवं देहदान का संकल्प पूरा किया। उनकी पार्थिव देह एलनसिटी मेडिकल कॉलेज, इंदौर को चिकित्सा शिक्षा के लिए समर्पित की गई। इस दौरान उनके भतीजे पंकज संघवी और सेवा भारती के कार्यकर्ता रूपेंद्र जैन ने समन्वय किया। दूसरा देहदान वरिष्ठ समाजसेवी और क्लॉथ मार्केट मर्चेंट्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं मंत्री हंसराज जैन (बुरड़) का हुआ। वे जीवनभर सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े रहे। परिवार ने उनके निधन के बाद भी समाजसेवा की उनकी भावना को आगे बढ़ाते हुए पार्थिव देह चिकित्सा शिक्षा के लिए समर्पित की। उनकी देह भोपाल के सेम कॉलेज ऑफ आयुर्वेदिक साइंस को सौंपी गई। दोनों परिवारों ने नेत्रदान और त्वचादान भी किया दोनों दिवंगतों के नेत्रदान एमके इंटरनेशनल आई बैंक में और त्वचादान चोइथराम स्किन बैंक में संपन्न हुआ। इस तरह देहदान के साथ नेत्र और त्वचा दान के जरिए भी जरूरतमंदों की मदद का रास्ता खुला। हंसराज जैन के परिवार ने इससे पहले भी इसी भावना का परिचय दिया था। करीब 25 दिन पहले उनके छोटे भाई देवेंद्र कुमार जैन (बुरड़) के निधन के बाद भी परिवार ने उनका अंग एवं देहदान किया था। उनकी पार्थिव देह शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, खंडवा को समर्पित की गई थी। दोनों देहदान की प्रक्रिया मुस्कान ग्रुप पारमार्थिक ट्रस्ट के सहयोग से पूरी हुई। ट्रस्ट के अनुसार, इंदौर में होने वाले देहदान के लिए शासन से मान्यता प्राप्त चिकित्सा महाविद्यालयों के बीच निर्धारित व्यवस्था के तहत समन्वय किया जाता है। दो दिन पहले इंदौर की आशालता काबरा का भी नेत्रदान और देहदान किया गया था। उनके नेत्र एमके इंटरनेशनल आई बैंक और पार्थिव देह कर्मचारी राज्य बीमा निगम चिकित्सा महाविद्यालय को सौंपी गई थी।