समाचार · हरियाणा
वामन द्वादशी मेले की पहली रात भक्ति-संगीत से सजी:CM नायब सैनी पहुंचे, गुलाब सिद्धू ने दी प्रस्तुति; आज गौरामाणी के भजनों से सजेगी शाम
अंबाला शहर की पुरानी अनाज मंडी में चल रहे 125 साल पुराने वामन द्वादशी मेले में सोमवार रात भक्ति और संगीत का रंग देखने को मिला। मेले की पहली संध्या में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और भगवान वामन के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कमेटी सदस्यों के साथ मिलकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को शॉल अर्पित कर भगवान वामन का स्मृति चिह्न भेंट किया। इस दौरान पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू समेत गुरमुख खान और दिलावर कौशिक ने भजन व धार्मिक गीतों की प्रस्तुति दी। सभा को 21 लाख रुपए देने की घोषणा कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री सनातन धर्म सभा को 21 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने मेले की 125 साल पुरानी परंपरा और धार्मिक महत्व का उल्लेख किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री असीम गोयल समेत प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। गुलाब सिद्धू की प्रस्तुति पर झूमे श्रद्धालु पहली रात पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू की प्रस्तुति मेले के प्रमुख आकर्षणों में रही। उनके साथ गुरमुख खान और दिलावर कौशिक ने भी धार्मिक गीतों और भजनों की प्रस्तुति दी। देर शाम तक मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और पंडाल में भक्ति संगीत का माहौल बना रहा। गुलाब सिद्धू ने सिद्धू मूसेवाला को किया याद मंच पर पहुंचते ही पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू ने दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला को याद किया। उन्होंने मौजूद लोगों से सिद्धू मूसेवाला के लिए तालियां बजाने की अपील की। इसके बाद गुलाब सिद्धू ने लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि अगर आप सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं तो “Justice for Sidhu Moosewala” जरूर लिखें। वहीं, उन्होंने दिवंगत पंजाबी गायक राजवीर जवंदा के परिवार के लिए भी लोगों से अरदास करने की अपील की। मेले में काले कपड़ों की एंट्री पर रोक का दावा, वीडियो वायरल वहीं, सोशल मीडिया पर मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी एक वीडियो सामने आया है। इंस्टाग्राम हैंडल ‘Sukh Sandhu’ से शेयर किए गए वीडियो में दावा किया गया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मेले में पहुंचने के दौरान काली टी-शर्ट, काली कमीज या काले कपड़े पहने लोगों को अंदर प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। वीडियो में युवक ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मेले में काले कपड़े पहनने वालों को बाहर भेजा जा रहा है और चारों तरफ कड़ी चेकिंग की जा रही है। हालांकि, काले कपड़ों में प्रवेश पर रोक को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। आज गौरामाणी देंगी भजन प्रस्तुति मेले के दूसरे दिन मंगलवार को सुबह 10 बजे से कार्यक्रम शुरू होंगे। शाम को भजन गायिका गौरामाणी भजन प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम में कृष्ण बेदी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। मेले में पांचों हिंडोलों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा। 23 सितंबर को निकलेगी अंतिम शोभायात्रा मेले के अंतिम दिन 23 सितंबर को पुरानी अनाज मंडी से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें अलग-अलग शहरों से आए बैंड और मेरठ की धार्मिक झांकियां शामिल होंगी। शोभायात्रा के बाद भगवान वामन के पांचों हिंडोलों को नौरंग राय तालाब ले जाकर जलक्रीड़ा की धार्मिक परंपरा निभाई जाएगी। इसके बाद हिंडोलों को संबंधित मंदिरों में वापस स्थापित किया जाएगा।