Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

कुरुक्षेत्र में किसानों का GT रोड जाम का ऐलान:पुलिस की रोकने की तैयारी; चढ़ूनी बोले- कोई ढील ना बरतना, सरकार-प्रशासन ने तोड़ा वादा

INT News22 September 2026 at 06:51 am

हरियाणा में धान (जीरी) की सरकारी खरीद शुरू नहीं होने का मुद्दा अब सड़क पर पहुंच गया है। 20 सितंबर तक धान की सरकारी खरीद शुरू कराने के प्रशासन के आश्वासन के बाद भी खरीद शुरू नहीं होने पर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने मंगलवार को शाहाबाद में नेशनल हाईवे जीटी रोड जाम करने का ऐलान किया है। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने किसानों से बड़ी संख्या में शाहाबाद पहुंचने और आंदोलन की तैयारी पूरी रखने को कहा है। उधर, किसानों को रोकने के लिए प्रशासन की तैयारी भी पूरी है। पुलिस बैरिकेड लगाकर किसानों को रोकने की कोशिश करेंगे। उधम सिंह स्मारक पर होंगे एकत्रित गुरनाम सिंह चढ़ूनी के मुताबिक, किसान सुबह 10 बजे शाहाबाद-बराड़ा रोड पर शहीद ऊधम सिंह स्मारक पर एकत्र होंगे। इसके बाद 11 बजे जीटी रोड पर जाम लगाया जाएगा। इससे पहले 16 सितंबर को शाहाबाद अनाज मंडी में हुई प्रदेश स्तरीय किसान बैठक में ही 20 सितंबर तक सरकारी खरीद शुरू नहीं होने पर 22 सितंबर को जीटी रोड जाम करने का ऐलान कर दिया गया था। 16 को किसानों के बीच पहुंचे थे DC कहा कि धान की सरकारी खरीद को लेकर 16 सितंबर को शाहाबाद अनाज मंडी में किसानों की बड़ी बैठक हुई थी। बैठक में कुरुक्षेत्र के DC विश्राम कुमार मीणा भी किसानों के बीच पहुंचे थे। किसानों ने मांग रखी थी कि धान की सरकारी खरीद जल्द शुरू की जाए, क्योंकि मंडियों में फसल पहुंचनी शुरू हो गई है। 20 सितंबर से खरीद का किया था वादा प्रशासन की ओर से किसानों को बताया गया था कि राज्य सरकार ने केंद्र से तय समय से पहले 20 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू कराने का अनुरोध किया है। इस आश्वासन के बाद किसानों ने तत्काल आंदोलन टाल दिया था, लेकिन साथ ही साफ कर दिया था कि अगर 20 सितंबर तक खरीद शुरू नहीं हुई तो 22 सितंबर को आंदोलन किया जाएगा। चढ़ूनी बोले- ढील मत बरतना, आज ही किसानों को फोन करो गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने वीडियो जारी कर भाकियू के जिला प्रधानों, ब्लॉक प्रधानों, स्टेट बॉडी के पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में किसानों से संपर्क करें। सभी किसानों को फोन कर मंगलवार के कार्यक्रम की जानकारी दें और उन्हें शाहाबाद पहुंचने के लिए तैयार करें। अब मौके पर ही तय होगा कि आगे क्या करना है, लेकिन किसानों को अपनी तैयारी में किसी तरह की ढील नहीं बरतनी है। सरकार की ओर से 20 सितंबर का भरोसा दिया गया था। वह तारीख निकल चुकी है, लेकिन खरीद शुरू नहीं हुई। ऐसे में अब किसानों को अपने आंदोलन की तैयारी पूरी रखनी होगी। पोर्टल भी 27 सितंबर तक खुला इसी बीच सरकार ने फसल पंजीकरण का एक और मौका दिया है। मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल 21 से 27 सितंबर तक दोबारा खोला गया है। यानी किसान 27 सितंबर तक अपनी फसल का पंजीकरण करा सकते हैं। किसानों की मांग है कि पोर्टल पर पंजीकरण, सत्यापन और खरीद की प्रक्रिया में तालमेल रहे, ताकि मंडी में फसल खरीद के लिए इंतजार न करना पड़े।