समाचार · पंजाब
लुधियाना में निहंग बाणा में पकड़ा नौसरबाज:35 हजार चुराए, निहंगों ने की पिटाई,शस्त्र वापस लिए, बाबा कुलदीप बोले-छवि कर रहा खराब
लुधियाना में निहंग बाणा पहनकर कथित तौर पर चोरी करने वाले एक युवक को निहंग बाबा कुलदीप सिंह ने अपने साथियों की मदद से पकड़ लिया। युवक की कुछ दिन पहले राम नगर इलाके में एक दुकान से करीब 35 हजार रुपए चोरी करने की वीडियो सामने आई थी। वीडियो वायरल होने के बाद बाबा कुलदीप सिंह को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने अपने साथियों को युवक की तलाश में लगा दिया। युवक के पकड़े जाने के बाद बाबा कुलदीप सिंह और उनके साथियों ने उसकी पिटाई की। इसके बाद उससे निहंग बाणा उतरवाया गया और उसके पास मौजूद शस्त्र अपने कब्जे में ले लिए गए। बाबा बोले- बाणे की आड़ में गलत काम करने वालों की पहचान जरूरी बाबा कुलदीप सिंह ने कहा कि कुछ गलत लोग निहंग बाणे की आड़ लेकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे लोगों के कारण पूरे निहंग समाज की बदनामी होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए उन्होंने अपने स्तर पर टीम बनाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नशेड़ी लोग भी बाणे की आड़ ले रहे हैं। बाबा कुलदीप सिंह ने जत्थेबंदियों से अपील की कि वे इस तरह के लोगों पर नजर रखें। साथ ही दुकानदारों से भी कहा कि किसी को बाणा देने से पहले उसका लाइसेंस या संबंधित जत्थेबंदी की चिट्ठी जरूर जांचें। आरोपी ने कबूली राम नगर में चोरी, साथी को दिए थे 5 हजार पकड़े गए युवक ने स्वीकार किया कि उसने राम नगर में दुकान से करीब 35 हजार रुपए चोरी किए थे। उसके अनुसार चोरी में उसका साथी अनमोल भी शामिल था, जो भामियां इलाके में रहता है। युवक ने बताया कि उसने अनमोल को 5 हजार रुपए दिए थे, जबकि बाकी रकम उसने खर्च कर दी। बाबा बोले- दोबारा बाणा पहनकर अपराध किया तो कार्रवाई करेंगे बाबा कुलदीप सिंह ने कहा कि जिस दुकान में चोरी हुई, उसके मालिक के घर में इस घटना के कारण काफी परेशानी का माहौल है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए युवक का बाणा उतरवा दिया गया है और उसके शस्त्र भी अपने कब्जे में ले लिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वह दोबारा बाणा पहनकर इस तरह की हरकत करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।