Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

रामानुजगंज में सागौन तस्करी रोकने के दौरान वनरक्षक पर हमला:सिर में लगी चोट; मौके पर बेहोश, गंभीर हालत में झारखंड रेफर

INT News11 August 2026 at 10:35 pm

रामानुजगंज में मंगलवार सुबह सागौन की लकड़ी ले जा रहे एक व्यक्ति को रोकने के दौरान वनरक्षक पिंटू मालाकार घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोट लगी है। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए झारखंड के मेदिनीनगर रेफर किया गया है। घटना सुबह करीब 5:30 बजे वन वाटिका गेट के सामने हुई। वार्ड नंबर 15 निवासी मनोज भुइयां (32) अपनी पत्नी के साथ जंगल से सागौन की लकड़ी लेकर रामानुजगंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान वनरक्षक पिंटू मालाकार ने उन्हें रोक लिया। लकड़ी रोकने के दौरान वनरक्षक पर हमला बताया जा रहा है कि लकड़ी रोकने के दौरान मनोज भुइयां ने वनरक्षक को जमीन पर गिराने की कोशिश की। इसी दौरान लकड़ी पिंटू मालाकार के सिर पर लग गई। चोट लगने से उनके कान से खून निकलने लगा और वे मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल वनरक्षक को रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए झारखंड के मेदिनीनगर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रेंजर दिलरुबा बानो अस्पताल पहुंचीं और घायल वनरक्षक का हाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी। रेंजर ने बताया कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।