Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

जशपुर में पहाड़ी कोरवा युवक की पीट-पीटकर हत्या, VIDEO:लकड़ी बेचने आया ​था, विवाद के बाद पिता-पुत्र ने पत्थर से सिर कुचलकर मार डाला

INT News11 August 2026 at 10:15 pm

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद पहाड़ी कोरवा समुदाय के एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक लकड़ी बेचने आया था। इसी दौरान उसकी किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के साथ बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने युवक के सिर पर पत्थर मारा। इसके बाद युवक जमीन पर गिर पड़ा। तभी बेटे ने भी पत्थर से उसके सिर पर दो-तीन बार वार किया। युवक के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कंदरई, बलादरपाठ के भगुआ राम (30) के रूप में हुई है। पूरी घटना पंचायत भवन के सामने लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह मामला सन्ना थाना क्षेत्र का है। पहले देखिए तस्वीरें अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, सोमवार को भगुआ राम लकड़ी बेचने के लिए सन्ना आया था। शाम को वह पंचायत भवन की ओर जा रहा था, तभी पिता-पुत्र उसके पास पहुंचे। सभी शराब के नशे में थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान भगुआ राम ने डंडे से आरोपियों को डराने की कोशिश की। इसी बीच एक आरोपी ने पत्थर उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। भगुआ राम के गिरने के बाद दूसरे आरोपी ने भी उसके सिर पर पत्थर से दो-तीन बार वार किए। हमले में भगुआ राम गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों आरोपी वहां से भाग गए। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे सन्ना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की यह पूरी घटना सन्ना ग्राम पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को हिरासत में पूछताछ की जा रही है।