समाचार · मध्य प्रदेश
उज्जैन की विधि-उत्कर्षा ने जीता गोल्ड:फाइनल मुकाबले में नेपाल में चीन को हराया, 25 देशों के बीच दिखाया दम
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन की दो छात्राओं विधि शर्मा और उत्कर्षा पाल ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के नाम स्वर्ण पदक किया है। नेपाल में 7 से 11 अगस्त तक आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट के डबल्स मुकाबले में दोनों ने फाइनल में चीन की टीम को शिकस्त देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। तराना निवासी विधि शर्मा, जो योग अध्ययनशाला में पीजी डिप्लोमा की छात्रा हैं, और उज्जैन की उत्कर्षा पाल, एमए इन योगा की छात्रा हैं। दोनों का चयन खेलो इंडिया के तहत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। टूर्नामेंट में उन्होंने शुरुआत से ही मजबूत तालमेल और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया और सेमीफाइनल में मलेशिया की टीम को हराया। इसके बाद फाइनल में चीन की जोड़ी को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। 25 देशों की टीमों ने लिया हिस्सा नेपाल में हुए इस टूर्नामेंट में 25 देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिस्पर्धा में विधि और उत्कर्षा ने डबल्स वर्ग में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों की बैडमिंटन में शुरुआत से रुचि रही है। वे इससे पहले विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी भाग लेकर प्रदर्शन कर चुकी हैं। दिल्ली में खेलो इंडिया के तहत हुए चयन के बाद उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। 15 अगस्त को उज्जैन लौटेंगी विधि शर्मा के पिता मुकेश शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे उज्जैन और मध्यप्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और शहर का नाम रोशन किया है। विधि और उत्कर्षा 15 अगस्त को उज्जैन पहुंचेंगी, जहां उनके स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।