Wednesday, 12 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

गर्लफ्रेंड के घर की छत पर मिली ब्वायफ्रेंड की लाश:रात में दोस्तों के साथ की थी शराब पार्टी, नशे में प्रेमिका से विवाद के बाद छत पर गया था; मौत की वजह स्पष्ट नहीं

INT News11 August 2026 at 10:56 pm

अंजोरा चौकी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव उसकी प्रेमिका के घर की छत पर मिला है। 28 वर्षीय सिद्धांत दान सोमवार रात अपनी प्रेमिका अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। रात में घर पर अंजलीना के अलावा उसकी सहेली रायगढ़ निवासी निमिषा, निमिषा का प्रेमी गौरव और बोरसी के रहने वाला ग्रेसी भी मौजूद थे। सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान सिद्धांत और उसकी प्रेमिका के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में सिद्धांत ने अंजलीना को गाली दे दी थी। इस पर अंजलीना ने उसे एक थप्पड़ मार दिया। इसके बाद सिद्धांत गुस्से में घर की छत पर चला गया। कुछ देर बाद जब अंजलीना उसे तलाशते हुए छत पर पहुंची तो सिद्धांत वहां बेसुध हालत में पड़ा मिला। सीपीआर भी दिया, लेकिन नहीं बची जान

प्रेमिका अंजलीना ने ब्वायफ्रेंड को होश में लाने की कोशिश की। उसने सिद्धांत को सीपीआर भी दिया, लेकिन उसकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अंजलीना और घर पर मौजूद बाकी लोग सिद्धांत को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सुबह करीब 5 बजे मिली घटना की सूचना

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पीएम कराया और इसके बाद शव परिजन को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में प्रेमी-प्रेमिका के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन सिद्धांत की मौत किस वजह से हुई, यह अभी साफ नहीं है। सोमवार की रात गर्लफ्रेंड के घर पहुंचा था सिद्धांत

पुलिस के मुताबिक सिद्धांत सोमवार रात ही अंजलीना के घर आया था। वह पहले नौकरी करता था, लेकिन फिलहाल उसके पास कोई काम नहीं था। रात में शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद वह छत पर चला गया था। इसके बाद वह किस हालत में बेसुध हुआ और उसकी मौत कैसे हुई, इसे लेकर पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। सभी से की जा रही पूछताछ

पुलिस का कहना है कि घटना के समय घर पर मौजूद अंजलीना, उसकी सहेली निमिषा, गौरव और ग्रेसी से भी पूछताछ की जाएगी। सभी के बयान लिए जाएंगे और उनके बयानों के आधार पर रात में हुए घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जाएगी। सिद्धांत की पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी लोगों के बयान और अन्य जानकारी जुटा रही है। इसके बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति साफ हो सकेगी।