समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में पालतू बिल्ली पकड़ते वक्त बेसमेंट में गिरी महिला:फायर ब्रिगेड की टीम रेस्क्यू करने पहुंची, गंभीर चोट आने पर आईसीयू में भर्ती
गुरुग्राम के एमजी रोड पर सेक्टर-25 इलाके में वाटिका सिटी प्वाइंट सोसाइटी के पास स्थित एक पेइंग गेस्ट (पीजी) के बेसमेंट में एक महिला अचानक गिर गई। घायल महिला की पहचान नीलम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पालतू बिल्ली को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बेसमेंट में जा गिरी। हादसे के बाद लोगों ने 112 कंट्रोल रूम में कॉल की। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और महिला को रेस्क्यू कर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। महिला की गंभीर हालत गंभीर बनी हुई है और वह आईसीयू में भर्ती है। बिल्ली को पकड़ते समय फिसला पैर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नीलम एमजी रोड के पास सेक्टर-25 की इस इमारत में मौजूद थी। इसी दौरान उसकी पालतू बिल्ली अचानक भागने लगी। नीलम अपनी बिल्ली को सुरक्षित पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ी। बिल्ली को पकड़ने के प्रयास में उसका ध्यान रास्ते पर नहीं रहा और बेसमेंट के पास पहुंचते ही उसका पैर फिसल गया। पैर फिसलते ही नीलम सीधे कई फीट गहरे बेसमेंट में जा गिरी। गिरने की आवाज और महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। रेस्क्यू टीमें पहुंची घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। सेक्टर-29 फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस बल और एम्बुलेंस ने भी स्थिति को संभाला। बेसमेंट की संरचना को देखते हुए रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक ऑपरेशन चलाया और महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया। बाहर निकालने के तुरंत बाद महिला को प्राथमिक उपचार देते हुए नजदीकी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नज़र रखे हुए है। पुलिस ने इस घटना के बारे में महिला के परिजनों को भी सूचित किया। सुरक्षा मानकों पर चर्चा
इस घटना के बाद क्षेत्र की इमारतों में सुरक्षा मानकों और खुले बेसमेंट के प्रबंधन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि प्रशासन यह सुनिश्चित करें कि व्यावसायिक और आवासीय जगहों में सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन हो ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह देखा जा रहा है कि क्या निर्माण या सुरक्षा व्यवस्था में कोई तकनीकी चूक रही थी।