Monday, 31 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

अमृतसर की फताहपुर केंद्रीय जेल में लावारिस मिले फोन:सिम, चार्जर और बीड़ियां, सिगरेट समेत प्रतिबंधित सामान बरामद

INT News31 August 2026 at 12:52 pm

अमृतसर की केंद्रीय जेल फताहपुर में लावारिस हालत में प्रतिबंधित सामान बरामद होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में इस्लामाबाद थाने में पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मामला 30 अगस्त 2026 को दर्ज किया गया है। कार्रवाई पंजाब प्रिजन एंड करेक्शनल सर्विस एक्ट 2026 की धारा 42(1) और 48(1) के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार, केंद्रीय जेल फताहपुर के अंदर तलाशी के दौरान लावारिस हालत में प्रतिबंधित सामान बरामद हुआ। बरामदगी में दो कीपैड मोबाइल फोन शामिल हैं। इन मोबाइल फोन के साथ एक सिम कार्ड भी मिला। इसके अलावा पांच मोबाइल चार्जर और दो चार्जिंग अडॉप्टर बरामद किए गए। चार्जिंग अडॉप्टर के साथ डेटा केबल भी मिली है। जेल परिसर से नशीले पदार्थों और अन्य प्रतिबंधित सामान के तौर पर इस्तेमाल होने वाली कई चीजें भी बरामद हुई हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मौके से 226 बंडल बीड़ियां बरामद की गईं। इसके साथ ही 21 पैकेट कूलिप और 10 पैकेट पत्ता छाप भी मिले हैं। इसके अलावा तीन पैकेट सिगरेट और चार डिब्बियां सिगरेट की बरामद की गईं। तलाशी के दौरान एक डिब्बी स्निफर पेपर और दो लाइटर भी पुलिस के हाथ लगे। आरोपी फिलहाल नामालूम इस मामले में फिलहाल किसी व्यक्ति को नामजद नहीं किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी के तौर पर नामालूम व्यक्ति दर्ज किया गया है। बरामदगी जेल के अंदर लावारिस हालत में होने के कारण पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर प्रतिबंधित सामान जेल परिसर के अंदर कैसे पहुंचा। पुलिस ने जांच शुरू की मामले के जांच अधिकारी एएसआई हरदेव सिंह हैं। पुलिस द्वारा बरामद किए गए सभी सामान को केस की कार्रवाई में शामिल कर लिया गया है। फिलहाल उपलब्ध रिकॉर्ड में यह स्पष्ट नहीं है कि मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य प्रतिबंधित सामान जेल के अंदर कौन लेकर आया था या इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान इन सभी पहलुओं को खंगाला जाएगा। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि बरामद मोबाइल फोन का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।