Monday, 31 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

बिजली विभाग के SC ने जहर खाकर दी जान:रिटायरमेंट के दिन कार से मिला शव; 5 महीने पहले जाट समाज पर टिप्पणी वाला वीडियो हुआ था वायरल

INT News31 August 2026 at 12:59 pm

हरियाणा के करनाल निवासी बिजली विभाग के एससी (Superintending Engineer) जीतू राम तंवर ने सोमवार को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। उनका शव सुबह डीएवी स्कूल के पास कार में मिला। परिजनों के अनुसार वह सुबह करीब 7 बजे घर से निकले थे। बाद में उन्होंने परिजनों को फोन कर कहा था कि "अपनी आखिरी चिट्ठी देकर आता हूं।" कुछ देर बाद उनका शव कार के पीछे पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार उनके मुंह से झाग निकल रहे थे। सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए। परिवार फिलहाल शव को अमृतधारा अस्पताल लेकर पहुंचा है। आज ही थी रिटायरमेंट, परिवार ने 4 लोगों पर लगाए गंभीर आरोप

बताया जा रहा है कि जीतू राम तंवर की आज ही रिटायरमेंट थी। रिटायरमेंट वाले दिन उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में मातम छा गया। परिवार ने इस मामले में चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि आरोपों की अभी पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। 5 महीने पहले जाट समाज पर टिप्पणी वाला वीडियो हुआ था वायरल

जीतू राम तंवर का करीब 5 महीने पहले सोनीपत में बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने जाट समाज को लेकर कथित तौर पर कुछ टिप्पणियां की थीं। वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया था। इसके बाद बिजली विभाग की ओर से उन्हें निलंबित किए जाने की बात सामने आई थी। परिवार का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर वह मानसिक दबाव में थे। हालांकि आत्महत्या की वास्तविक वजह क्या रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिवार के सदस्यों से भी जानकारी ले रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।