sports
वर्ल्ड कप से पहले कप्तान हरमनप्रीत ने बताया टीम इंडिया का प्लान, बोले-डिफेंस पर किया है सबसे ज्यादा काम

FIH Hockey WC: एफआईएच पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप से पहले भारतीय हॉकी टीम ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने बताया कि टीम ने कैंप के दौरान फिटनेस और स्ट्रेंथ के साथ-साथ अटैक और डिफेंस के अलग-अलग पहलुओं पर काम किया है. उनका मानना है कि अब तैयारी को मैदान पर लागू करने का समय आ गया है.
अटैक व डिफेंस को लेकर भी की प्रैक्टिस
हरमनप्रीत ने कहा कि टीम ने डिफेंस पर खास ध्यान दिया है. इसके अलावा विपक्षी सर्किल में 50-50 मौकों का फायदा उठाने, खिलाड़ियों के बीच बेहतर कम्युनिकेशन और पेनल्टी कॉर्नर के अटैक व डिफेंस को लेकर भी काफी अभ्यास किया गया है. कप्तान के मुताबिक, मैदान पर स्पष्ट और सकारात्मक बातचीत टीम के प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाएगी.
युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन से खुश है कप्तान
हरमनप्रीत ने युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि एफआईएच प्रो लीग में युवाओं को खुद को साबित करने के अच्छे मौके मिले और सीनियर खिलाड़ी उन्हें लगातार आत्मविश्वास देने की कोशिश करते हैं. हरमनप्रीत ने फरवरी में प्रो लीग के होबार्ट चरण से ब्रेक लिया था और अब उनका कहना है कि आराम के बाद वह तरोताजा महसूस कर रहे हैं और वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह तैयार हैं. कप्तान ने बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर मैदान पर कम्युनिकेशन और पोजिशनिंग पर काम किया है. बिना गेंद के उनकी भूमिका में टीम के साथियों से सही और स्पष्ट संवाद बेहद जरूरी है.
Also Read: बीच मैदान पर आखिर श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने क्यों किया सिराज का बैट चेक, जानें क्या था पूरा मामला
14 अगस्त से शुरू होगा वर्ल्ड कप
एफआईएच पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 14 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड्स में खेला जाएगा. भारत को पूल डी में इंग्लैंड, वेल्स और पाकिस्तान के साथ रखा गया है. भारत ने पिछले साल घरेलू मैदान पर एशिया कप जीतकर वर्ल्ड कप के लिए सीधे क्वालीफाई किया था. 2023 में नौवें स्थान पर रहने वाली भारतीय टीम 1975 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप गोल्ड जीतने के इरादे से उतरेगी. टीम के आत्मविश्वास के पीछे लगातार दो ओलंपिक कांस्य पदक, एशिया कप खिताब और दो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीत भी हैं.
Also Read: वर्ल्ड कप चयन पर बोले भुवनेश्वर कुमार, कहा- मेरा काम सिर्फ खेलना है, आगे क्या होगा नहीं बता सकता