समाचार · मध्य प्रदेश
सतना में वीडियो बनाकर नाबालिग को ब्लैकमेल किया:मंदिर में शादी के बाद छोड़ा, आरोपी गिरफ्तार
सतना के नागौद थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी रवि कुमार शर्मा (29) निवासी नईबस्ती-शिवरामपुर, जिला चित्रकूट, उत्तर प्रदेश को शुक्रवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। रिश्तेदारी में हुई थी आरोपी से पहचान पुलिस के अनुसार, करीब तीन साल पहले पीड़िता रिश्तेदारी में गई थी। वहीं उसकी पहचान रवि कुमार शर्मा से हुई। इसके बाद दोनों फोन पर बातचीत करने लगे। फरवरी 2024 में पीड़िता जब घर पर अकेली थी, तब आरोपी उसके घर पहुंचा। आरोप है कि उसने बहला-फुसलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी पीड़िता को उत्तर प्रदेश ले गया। वहां करीब एक महीने तक उसे अपने घर पर रखा। माता-पिता को पता चला तो मंदिर में कराई शादी मामले की जानकारी दोनों के माता-पिता को हुई तो 2 मार्च 2024 को मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई। पीड़िता के अनुसार, शादी के बाद करीब एक साल तक सब ठीक रहा। वर्ष 2025 में आरोपी ने रिश्ता खत्म कर दिया और शादी में दिया गया सामान भी वापस कर दिया। 22 मई 2026 को पीड़िता आखिरी बार अपने ससुराल गई, लेकिन आरोपी ने उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया। बाल कल्याण समिति के निर्देश पर दर्ज हुआ केस इसके बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत की। बाद में वह परिजनों के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से बाल कल्याण समिति के सामने पेश हुई। समिति ने उसका बयान दर्ज करने के बाद नागौद थाना प्रभारी को कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने 25 अगस्त को आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। मामले की जांच जारी है।