Wednesday, 8 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

घर बैठे कमाई के लालच में 1.93 लाख की ठगी:टेलीग्राम पर रिव्यू टास्क के नाम पर शिकार; प्रॉफिट निकालने पर बताया 'क्रेडिट स्कोर कम'

INT News8 July 2026 at 09:17 pm

शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के दाल बाजार इलाके में रहने वाली 20 वर्षीय बीकॉम छात्रा साइबर ठगों के 'टेलीग्राम टास्क स्कैम' का शिकार हो गई। घर बैठे ऑनलाइन रिव्यू देकर मोटी कमाई का झांसा देकर ठगों ने छात्रा से 1.93 लाख रुपए ऐंठ लिए। जब छात्रा ने अपनी कमाई और दिखाए गए प्रॉफिट को निकालने की कोशिश की तो ठगों ने 'क्रेडिट स्कोर कम होने' का बहाना बनाकर और पैसे जमा कराने की मांग शुरू कर दी। ठगी का अहसास होने पर छात्रा ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टेलीग्राम पर मिला घर बैठे कमाई का ऑफर पुलिस के मुताबिक, दाल बाजार स्थित गीता कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय प्रज्ञा शरण (परिवर्तित नाम), बीकॉम की छात्रा है। 29 जून 2026 को उसके टेलीग्राम अकाउंट पर एक अज्ञात आईडी से मैसेज आया। मैसेज में दावा किया गया कि कंपनियों के ऑनलाइन रिव्यू और रेटिंग देकर रोजाना हजारों रुपए कमाए जा सकते हैं। शुरुआत करने के लिए ठगों ने 3,750 रुपए रजिस्ट्रेशन फीस जमा करने को कहा। इसके बाद दूसरी टेलीग्राम आईडी से भेजे गए क्यूआर कोड पर छात्रा ने राशि ट्रांसफर कर दी। फर्जी प्रॉफिट दिखाकर बढ़ाया भरोसा शुरुआती टास्क पूरे कराने के बाद ठगों ने एक फर्जी डिजिटल वॉलेट पर छात्रा का कमीशन और भारी मुनाफा दिखाना शुरू कर दिया। जब छात्रा ने यह रकम अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करने की कोशिश की तो ठगों ने कहा कि उसका क्रेडिट स्कोर कम है, इसलिए रकम होल्ड कर दी गई है। इसके बाद स्कोर बढ़ाने और पूरा प्रॉफिट दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में लगातार पैसे जमा कराए गए। 1.93 लाख गंवाने के बाद हुआ ठगी का अहसास झांसे में आकर छात्रा ने कुल 1.93 लाख रुपए ठगों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी जब ठग लगातार और रकम मांगते रहे तो उसे अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ। छात्रा ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब टेलीग्राम आईडी, क्यूआर कोड और बैंक खातों की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।