समाचार · झारखंड
Jharkhand JTET 2026: अक्टूबर में होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा, 4.40 लाख अभ्यर्थियों ने किया आवेदन

सुनील कुमार झा की रिपोर्ट
रांची: राज्य में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) अक्तूबर में कराने की तैयारी है. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने इसे लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं. जिला स्तर पर परीक्षा से संबंधित सभी जिम्मेदारियां उपायुक्तों को दी गई हैं. उपायुक्तों को जिला स्तर पर परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है. परीक्षा के आयोजन और केंद्र निर्धारण को लेकर झारखंड एकेडमिक काउंसिल के अध्यक्ष डॉ नटवा हांसदा ने सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखा है. परीक्षा में शामिल होने के लिए 4.40 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन जमा किए हैं.
31 अगस्त तक तय होंगे परीक्षा केंद्र
जैक की ओर से जिलों के उपायुक्तों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि परीक्षार्थियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए जिला मुख्यालयों और उनके निकटवर्ती प्रखंडों में स्थित स्कूलों और कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया जा सकता है. झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर सभी जिलों के उपायुक्तों को परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है. वहीं, अपर समाहर्ता को नोडल पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को सह-नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. परीक्षा को लेकर सभी जिलों में उपायुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी. यह समिति परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और परीक्षा आयोजन में उपायुक्त का सहयोग करेगी. सभी जिलों को 31 अगस्त तक परीक्षा केंद्र निर्धारण की रिपोर्ट देने को कहा गया है. कक्षा एक से 5 और कक्षा 6 से 8 तक की जेटेट परीक्षा एक ही दिन आयोजित होगी. परीक्षाएं अलग-अलग पालियों में होंगी.
ये भी पढ़ें- झारखंड में GST ट्रैक एंड ट्रेस सिस्टम लागू, टैक्स चोरी पर लगेगा शिकंजा; उल्लंघन पर 1 लाख तक जुर्माना
2016 की तुलना 1.87 लाख अधिक आवेदकों की संख्या
दो वर्षों में हजार परीक्षार्थी बढ़े राज्य में पिछली जेटेट परीक्षा वर्ष 2016 में हुई थी. राज्य में 9 वर्षों से शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी है. वर्ष 2016 की परीक्षा के लिए करीब 2.53 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे. इस वर्ष आवेदकों की संख्या वर्ष 2016 की तुलना में करीब 1.87 लाख अधिक है. वर्ष 2024 में जेटेट के लिए करीब 3.50 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, लेकिन परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी थी. बाद में विभागीय निर्देश के तहत उन आवेदनों को रद्द कर दिया गया था. अब वर्ष 2026 में नए सिरे से परीक्षा की प्रक्रिया पूरी की गई है. वर्ष 2024 की तुलना में इस बार लगभग 90 हजार अधिक आवेदन प्राप्त हुए है.
ये भी पढ़ें- International Tribal Day 2026: 9 अगस्त को ही क्यों मनाया जाता है आदिवासी दिवस? जानिए पूरी कहानी