समाचार · हरियाणा
झज्जर मांडोठी में हनुमान जी के धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़:4 महिलाओं समेत 10 पर केस,कमरे का ताला तोड़ सामान बाहर निकाला
बहादुरगढ़ के गांव मांडोठी में हनुमान जी के धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर आसौदा थाना पुलिस ने चार महिलाओं समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने धार्मिक स्थल के कमरे का ताला तोड़कर सामान बाहर निकाल दिया और वहां बने निर्माण व शेडों को नुकसान पहुंचाया। गांव निवासी देवेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि खसरा नंबर 3688 की जमीन पर उनके पूर्वजों ने कई वर्षों से धर्मशाला और छोटा मंदिर बना रखा है। करीब चार-पांच वर्ष पहले उनके पिता के साथ मिलकर यहां हनुमान जी की करीब 80 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की गई थी। ताला तोड़कर सामान बाहर निकालने का आरोप शिकायत के मुताबिक, 7 अगस्त की शाम करीब 4 बजे कुछ लोग धार्मिक स्थल पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कमरे का ताला तोड़ दिया और अंदर रखा सामान बाहर निकाल दिया। इसके बाद कमरे की दीवार और छत को क्षतिग्रस्त करने के साथ मंदिर के सामने बने दोनों शेडों में भी तोड़फोड़ की गई। दान राशि समेत सामान ले जाने का आरोप देवेंद्र ने शिकायत में करीब 50 हजार रुपये की दान राशि, आर्टिफिशियल आभूषण, एलईडी, भंडारे का सामान, गैस सिलेंडर, बर्तन, वीडियो कैमरा, म्यूजिक सिस्टम और सीसीटीवी की डीवीआर समेत अन्य सामान ले जाने या क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। विजय उर्फ टिंकू पर साजिश का आरोप शिकायतकर्ता ने गांव के ही युवक को साजिशकर्ता बताते हुए आरोप लगाया कि उसने 25 जुलाई को व्हाट्सएप पर धमकी भरा वॉयस मैसेज भी भेजा था। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शुरू की जांच आसौदा थाना प्रभारी एसआई जयभगवान ने बताया कि शिकायत के आधार पर चार महिलाओं समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि की जा रही है।