Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बाल अपचारियों ने होमगार्ड का सिर फोड़ा:रतलाम में सो रहे सुरक्षाकर्मी को डंडे से पीटा; मेन गेट का ताला खोलकर 7 भागे

INT News9 August 2026 at 10:26 am

रतलाम के बिरियाखेड़ी स्थित शासकीय बाल संप्रेषण गृह से शनिवार रात 7 बाल अपचारी होमगार्ड जवान को मारपीट कर भाग गए। रात में सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। रात भर तलाश कर पुलिस ने 6 बाल अपचारियों को रतलाम से 15 किमी दूर पकड़ लिया। एक अभी फरार है। रविवार सुबह एसपी अमित कुमार, एएसएपी राकेश पंद्रो, SDM तरुण जैन मौके पर पहुंचे हैं। सभी बाल अपचारी 15, 16, 17 साल के हैं। सभी पर गंभीर अपराध दर्ज है। 2 पर NDPS पर, 2 पर 376, 1 पर 327 (रंगदारी), 1 पर 302 हत्या का प्रयास व 1 पर 307 हत्या का केस दर्ज है। आधी रात हुई घटना

एसपी अमित कुमार ने बताया कि सात बाल अपचारी भागे थे। होमगार्ड सैनिक के साथ मारपीट कर गए थे। उनमें से 6 को राउंडअप कर लिया गया है। एक अब भी फरार है। एफआईआर रजिस्टर की जा रही है। यहां मेरे साथ अभी एसडीएम भी थे। सभी को और ज्यादा सुरक्षा के निर्देश दिए थे। सुरक्षा को और भी पुख्ता किया जाएगा ताकि ऐसा दोबारा नहीं हो। रात को 12 से 1 बजे की घटना है। अभी कैमरे से और हम एनालिसिस करेंगे। इस केस में दो प्लाइंट है जिनके साथ मारपीट हुई उनका मेडिकल करवा रहे हैं और एफआईआर करवा रहे हैं। दूसरा जो एक बाल अपचारी जो अभी भी मिसिंग है उसकी सुरक्षा हमारे लिए जरूरी है, उसे तत्काल हम ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं। सभी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। रात तीन बजे मिली सूचना

थाना औद्योगिक प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि हमें रात 3 बजे सूचना मिली उसके बाद टीम बनाकर सभी थानों को भी अलर्ट किया। रात को सीसीटीवी फुटेज पर उन अपराधियों को फोटो के आधार पर तलाश करते हुए नामली के पास 6 बाल अपचारियों को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। जिस होमगार्ड सैनिक के साथ मारपीट कर भागे हैं उसका नाम चंद्रकांत पिता जानकी बल्लभ शर्मा है एसपी के अनुसार अभी उसका मेडिकल करवाया जा रहा है। रात में एक ही जवान था ड्यूटी पर

बताया जा रहा है कि होमगार्ड सैनिक बाल संप्रेषण गृह के चैनल गेट के पास बिस्तर पर चद्दर ओढ़ कर सोया था। इस दौरान साथ बाल अपचारियों ने प्लानिंग कर घेरा बनाकर उसके ऊपर टूट पड़े। एक के हाथ में लठ था। पहले लठ से मारा। इसके बाद सभी बाल अपचारी उसके ऊपर टूट पड़े। बिस्तर के नीचे रखी मेन शटर गेट के चाबी तलाश कर चैनल गेट का ताला खोल बाहर वाले मुख्य द्वार के गेट से होकर भाग निकले।