समाचार · छत्तीसगढ़
हसदेव नदी में पिकनिक मनाने गए 3 छात्र बहे:सेल्फी लेने के दौरान हादसा, मुरुमसिल्ली बांध के सभी गेट खोले गए, भारी बारिश का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में आज कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले 2 दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की एक्टिविटी बढ़ी रहेगी। इसके पहले पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। बेलरगांव में सबसे ज्यादा 120 मिमी और नगरी में 110 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बीच जांजगीर-चांपा में हसदेव नदी के तेज बहाव में 3 कॉलेज छात्र बह गए। बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए नदी में कूदे 2 अन्य छात्र भी बह गए। तीनों छात्रों का अब तक पता नहीं चला है। नगर सैनिकों और गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुटी है। वहीं धमतरी में मुरुमसिल्ली बांध के सभी सायफन गेट खोल दिए गए हैं। नदी-नाले उफान पर आने से कई जगह सड़कों पर पानी भर गया, जिससे धमतरी-नरहरपुर मार्ग पर लोग फंसे रहे। तस्वीरें देखिए… मुरुमसिल्ली बांध के सभी सायफन गेट ओपन धमतरी जिले में गुरुवार को हुई झमाझम बारिश से नदी नाले उफान पर है। वहीं मुरुमसिल्ली बांध के सभी सायफन गेट खोल दिए गए हैं। जिससे धमतरी-नरहरपुर मार्ग बाधित हो गया है। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लाइन लग गई। मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन ज्यादा बारिश इन सिस्टम के असर से मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं। खासकर मध्य क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है। अगले 24 घंटे में प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश और गरज चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है। इसके बाद अगले 2 दिनों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक होने की संभावना है। रायपुर में 32 डिग्री रहा तापमान रायपुर में आज (12 सितंबर) गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 32°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है। सीजन में बारिश 6% कम मौसम विभाग के अनुसार अब तक प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 6% कम है। आने वाले दो दिनों में मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश बढ़ने से इस कमी में कुछ सुधार होने की संभावना है।