समाचार · झारखंड
शादी के एक साल बाद पत्नी लापता, पति ने दर्ज कराया सनहा

पलामू से कुंदन चौरसिया की रिपोर्ट
मोहम्मदगंज: पलामू के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के कादल गांव में 21 वर्षीय विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है. कादल निवासी संजय रजवार ने अपनी पत्नी पूजा देवी के लापता होने की सूचना मोहम्मदगंज थाना में देते हुए सनहा दर्ज कराया है. पूजा 13 अगस्त की सुबह अपने घर से लापता हुई है. काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पति ने इसकी जानकारी उसके मायकेवालों को दी.
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में संजय रजवार की शादी गढ़वा जिले के डुमरो गांव निवासी लोचन रजवार की बेटी पूजा देवी के साथ हुई थी. शादी के बाद पूजा अपने ससुराल कादल में रह रही थी.
पिता ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
पूजा के पिता लोचन रजवार ने अपने दामाद पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि संजय ने मायके पहुंचकर उन्हें बताया कि पूजा घर से किसी के साथ चली गयी है.
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से पूजा किसी परिचित व्यक्ति के साथ फोन पर लगातार संपर्क में थी. परिवार की ओर से संबंधित मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराया गया है. परिजनों का दावा है कि उनके पास दोनों के बीच हुई बातचीत से संबंधित कॉल डिटेल भी उपलब्ध है.
कादल कुर्मी पंचायत की मुखिया अनिता देवी के प्रतिनिधि प्रमोद रजवार ने भी बताया कि पूजा किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति के साथ घर से लापता हुई है और वह शादी के बाद से उसके संपर्क में थी.
मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने बताया कि विवाहिता के लापता होने के मामले की जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. परिजनों की ओर से उपलब्ध कराये गये मोबाइल नंबर को ट्रेस किया गया है. उसकी लोकेशन के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस जल्द ही पूजा को बरामद करने का प्रयास कर रही है. उसके मिलने के बाद ही उसके लापता होने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.