Friday, 9 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Watch Video: केनरा बैंक डकैती के आरोपियों का वीडियो जारी, टैटू से पहचान में मदद की अपील

INT News8 October 2026 at 11:32 pm

जमशेदपुर : गोलमुरी थानांतर्गत केनरा बैंक डकैती मामले में अपराधियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है. डकैती में शामिल अपराधियों की तस्वीरें हासिल करने और दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित करने के बाद अब पुलिस ने उनका वीडियो जारी किया है. वीडियो में अपराधियों की साफ तस्वीर के साथ उनकी पहचान से जुड़ी अहम जानकारी दी गयी है. खास तौर पर अमन सिंह के शरीर पर बने टैटू के बारे में जानकारी साझा की गयी है, ताकि आम लोगों को उसकी पहचान करने में मदद मिल सके.

अमन के शरीर पर कई टैटू, पुलिस ने दी पहचान की जानकारी

पुलिस की ओर से जारी वीडियो में बताया गया है कि अमन सिंह की गर्दन पर टैटू बना हुआ है. साथ ही उसके बायें हाथ पर ‘अमन’ लिखा टैटू, दायें हाथ पर मंडला टैटू और बायें हाथ की हथेली के पीछे भी टैटू बना हुआ है. वीडियो में डकैती में शामिल अन्य तीन अपराधियों के नाम और उनकी साफ तस्वीरें भी जारी की गयी हैं. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वीडियो में दिख रहे अपराधियों में से कोई कहीं नजर आये, तो तत्काल वीडियो में दिये गये मोबाइल नंबर पर पुलिस को सूचना दें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गुप्त रखा जायेगा.

24 सितंबर को बैंक में हुई थी करीब 42 लाख की डकैती

गौरतलब है कि 24 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे बरसाती पहनकर आये पांच अपराधियों ने गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में डकैती की घटना को अंजाम दिया था. अपराधी बैंक से करीब 42 लाख रुपये नकद और 23 किलोग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हो गये थे. घटना के बाद से पुलिस की 20 पदाधिकारियों वाली एसआइटी अपराधियों की तलाश में जुटी है.

1,000 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली

डकैती की जांच के दौरान एसआइटी ने अब तक 1,000 से अधिक जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है. फुटेज के आधार पर पुलिस को अपराधियों के शहर से बाहर निकलने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है. जांच में सामने आया है कि घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी अलग-अलग रास्तों से पश्चिम बंगाल और ओडिशा की ओर फरार हुए थे. पुलिस की अलग-अलग टीमें बिहार के अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में भी छापेमारी कर रही हैं. पुलिस को डकैती में शामिल गिरोह के बारे में भी जानकारी मिलने की बात सामने आयी है. गिरोह से जुड़े अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.