Friday, 9 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

तैयार रहिए! उत्तराखंड में आज जनजागरूकता के लिए सुबह 11 बजे बजाया जाएगा भूकंप का सायरन

INT News9 October 2026 at 12:28 am

उत्तराखंड में भूकंप के प्रति आमजन को जागरूक करने और राज्य में स्थापित भूकंप से पहले अलर्ट देने वाले सायरन और सेंसरों की टेस्टिंग करने के लिए शुक्रवार को सुबह 11 बजे राज्य में भूकंप का सायरन बजाया जाएगा। यह सायरन किसी वास्तविक भूकंप की सूचना नहीं होगा, बल्कि सिस्टम के परीक्षण और जनजागरूकता के उद्देश्य से बजाया जाएगा। गुरुवार को सायरन बजाए जाने संबंधी संदेश का उपभोक्ताओं को भूदेव एप पर अलर्ट भी रिसीव हुआ।सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि इस टेस्टिंग के जरिए लोगों को सायरन की आवाज से परिचित कराया जाएगा, ताकि वास्तविक भूकंप की स्थिति में सायरन सुनकर लोग इसे पहचान सकें और घबराने के बजाय आवश्यक सावधानी बरत सकें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में भूकंप से पहले अलर्ट देने वाले सिस्टम के अंतर्गत 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं। अब शुक्रवार को सायरन बजाकर इनकी क्षमता का परीक्षण किया जाएगा। यदि किसी स्थान पर सायरन या सिस्टम में तकनीकी समस्या पाई जाती है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा, ताकि वास्तविक आपदा के समय चेतावनी प्रणाली प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।मजबूत किया जा रहा सिस्टमसुमन ने बताया कि राज्य में भूकंप से पहले अलर्ट देने वाले सिस्टम को और मजबूत किया जा रहा है। सायरन एवं सेंसरों की संख्या को दोगुना किया जाएगा और लगभग पांच से 10 किलोमीटर की दूरी के अंतराल पर सेंसर और सायरन स्थापित किए जाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यूएसडीएमए और आईआईटी रुड़की के सहयोग से अतिरिक्त सेंसर स्थापित करने का प्रस्ताव भी प्रगति पर है, जिससे भूकंपीय गतिविधियों की निगरानी और चेतावनी की क्षमता में और सुधार होगा।टेस्ट वार्निंग मैसेज, वाइब्रेशन और बीप-बीप का साउंडउन्होंने बताया कि सायरन की टेस्टिंग के साथ भूदेव मोबाइल ऐप यूजर्स के मोबाइल फोन पर टेस्ट वार्निंग मैसेज, वाइब्रेशन और बीप-बीप का साउंड मिलेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि भूदेव मोबाइल ऐप का अपडेटेड वर्जन अपने मोबाइल में इंस्टॉल/अपडेट रखें और ऐप को लोकेशन की अनुमति हमेशा के लिए इनेबल करें, ताकि वास्तविक भूकंप की स्थिति में चेतावनी समय पर हासिल हो सके।डरने या घबराने की जरूरत नहींउन्होंने आमजन से विशेष अपील की कि सुबह 11 बजे सायरन बजने पर किसी प्रकार की घबराहट या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न करें। यह पूर्व निर्धारित परीक्षण है। इस पहल का उद्देश्य आमजन को भयभीत करना नहीं, बल्कि भूकंप के प्रति जागरूक, सतर्क और तैयार करना और राज्य के भूकंप से पहले अलर्ट देने वाले सिस्टम को नियमित रूप से परखना है।