Friday, 9 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

रांची में मवेशी चोरी का मामला: 6 आरोपी गिरफ्तार, XUV समेत चार वाहन जब्त

INT News9 October 2026 at 02:12 am

नामकुम. रांची के नमकुम थाना क्षेत्र में मवेशी चोरी के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर मवेशी चोरी कर तस्करी करने और बूचड़खाने ले जाने का आरोप है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार गोवंशीय पशु समेत एक एक्सयूवी, एक बुलेट, एक बजाज पल्सर और एक स्कूटी जब्त की है.

लोअर बाजार इलाके के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शाहनवाज उर्फ सन्नी, फिरोज कुरैशी उर्फ कुकु, अमन कुरैशी, अलताफ कुरैशी, सैफ और शोयेब अहमद के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, इनमें से अधिकांश कर्बला टैंक रोड, लोअर बाजार इलाके के रहने वाले हैं, जबकि शोयेब अहमद सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी टोला निवासी है.

पुलिस ने आरोपियों के पास से चार गोवंशीय पशु के अलावा एक्सयूवी (जेएच 01बीएन 7798), बुलेट (जेएच 01सीडब्ल्यू 1008), बजाज पल्सर (जेएच 01एफएस 6583) और स्कूटी (जेएच 01डीसी 0524) जब्त की है.

प्राथमिकी के बाद गठित टीम ने की कार्रवाई

मामले में कांटाटोली के कुरैशी मोहल्ला निवासी इरशाद कुरैशी ने प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी के अनुसार, सामलौंग पुराना लोवाडीह से उनकी मवेशी चोरी कर एक्सयूवी में लादकर तस्करी और हत्या के लिए बूचड़खाने ले जाने का आरोप लगाया गया था.

वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में टीम गठित की गयी थी. टीम ने लोअर बाजार थाना पुलिस की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.