Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · उत्तराखंड

सावन के दूसरे सोमवार को मंदिरों में उमड़ी कांवड़ियों की भीड़, गूंजा 'हर-हर महादेव' का जयकारा

INT News10 August 2026 at 08:28 am

Sawan Second Monday: सावन के दूसरे सोमवार पर देशभर के शिव मंदिरों में तड़के से ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिरों में पहुंचने लगे. 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोषों से मंदिर परिसर गूंज उठा. दूसरे सावन सोमवार के साथ सोम प्रदोष व्रत का संयोग होने के कारण इस बार श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रहने का अनुमान है.

मंदिरों में श्रद्धालुओं की लगी लंबी लाइन

उत्तराखंड के हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की भारी आवाजाही देखी गई. हर की पौड़ी पर सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर जल भरा. उत्तर प्रदेश में काशी विश्वनाथ धाम (वाराणसी), बाबा औघड़नाथ मंदिर (मेरठ), दूधेश्वरनाथ महादेव (गाजियाबाद), मनकामेश्वर मंदिर (लखनऊ) और पृथ्वीनाथ महादेव (शाहजहांपुर) सहित अनेक शिवालयों में जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगी रहीं.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं

न्यूज एजेंसी पीटीआई ने वाराणसी का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिख रही है. वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम के आसपास भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: सावन की दूसरी सोमवारी आज, पढ़ें शिवजी की आरती ‘ॐ जय शिव ओंकारा’ के पूरे बोल

बैद्यनाथ में पहुंचे लाखों कांवड़िये

झारखंड के बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों कांवड़ियों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं.

महाकाल मंदिर में लगा भक्तों का तांता

मध्य प्रदेश के श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग (उज्जैन) और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में भी सुबह की भस्म आरती के बाद श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. वहीं महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग (नासिक), गुजरात के सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, उत्तराखंड के केदारनाथ धाम, आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग और तमिलनाडु के रामेश्वरम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे.

ये भी पढ़ें: सावन सोमवार पर पढ़ें शिव चालीसा, जानें पाठ करने का सही तरीका, बरसेगी भोलेनाथ की कृपा

श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने कांवड़ मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल, अर्धसैनिक बल, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, ड्रोन सर्विलांस, बैरिकेडिंग, चिकित्सा शिविर, पेयजल केंद्र और कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं. कई शहरों में कांवड़ यात्रा के चलते ट्रैफिक डायवर्जन और भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध भी लगाया गया है.