Tuesday, 30 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

मौसम में सुधार के बाद डीएम का बड़ा फैसला, सारण मे 1 जुलाई से खुलेंगे सभी सरकारी और निजी स्कूल

INT News30 June 2026 at 09:38 pm

Saran School Reopen : सारण जिले के विद्यार्थियों, अभिभावकों और निजी विद्यालयों के लिए राहत भरी खबर है. जिला प्रशासन ने भीषण गर्मी को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों पर लगाई गई रोक को वापस ले लिया है. अब 1 जुलाई 2026 (बुधवार) से जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय, कोचिंग संस्थान तथा आंगनबाड़ी केंद्र पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित होंगे. इस संबंध में जिलाधिकारी ने संशोधित आदेश जारी कर दिया है.

इससे पहले 28 जून 2026 को जारी आदेश के तहत अत्यधिक गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 4 जुलाई 2026 तक पठन-पाठन पर रोक लगाई गई थी. यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था.

Saran News : मौसम में सुधार के बाद बदला फैसला

जिला प्रशासन के अनुसार पिछले कुछ दिनों में मौसम में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और बारिश के कारण वातावरण सामान्य हो गया है. ऐसे में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए परिस्थितियां अब अनुकूल हैं. इसी आधार पर पूर्व में जारी प्रतिबंधात्मक आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है.

आज से सामान्य समय पर होगी पढ़ाई

संशोधित आदेश के अनुसार 1 जुलाई 2026 से जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में नियमित कक्षाएं संचालित होंगी. इसके साथ ही कोचिंग संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र भी पूर्व निर्धारित समय के अनुसार खुलेंगे. जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों को नियमित रूप से पठन-पाठन शुरू करने का निर्देश दिया है.

हजारों विद्यार्थियों को मिलेगी राहत

नए आदेश से जिले के हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई दोबारा सामान्य हो जाएगी. लगातार अवकाश के कारण प्रभावित शैक्षणिक गतिविधियां अब फिर से पटरी पर लौटेंगी. वहीं निजी विद्यालयों को भी इससे बड़ी राहत मिलेगी, जबकि छात्रों को अब नियमित रूप से स्कूल जाकर पढ़ाई पर ध्यान देना होगा.

सभी संबंधित विभागों को भेजा गया आदेश

30 जून को जिलाधिकारी के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत सभी संबंधित विभागों को भेज दी गई है. जिला प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी विद्यालयों और अभिभावकों को समय पर इसकी जानकारी मिल सके.

Also Read : वैशाली में ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, एक दर्जन से अधिक घायल, गांव में तनाव