Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मुरैना में रेत माफिया फिर पुलिस के निशाने पर:7 लाख की रेत भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

INT News7 August 2026 at 08:14 am

मुरैना जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सबलगढ़ पुलिस ने अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। कार्रवाई के दौरान चालक पुलिस को देखकर वाहन बीच रास्ते में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। रात्रि गश्त के दौरान हुई कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिलेभर में अवैध रेत और पत्थर के उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सबलगढ़ पुलिस रात्रि गश्त पर थी। रहूघाट क्षेत्र में पुलिस ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को आते देखा और चालक को रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। अवैध रेत मिलने पर वाहन जब्त जांच के दौरान ट्रॉली में अवैध रूप से रेत भरी मिली। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाने पहुंचाया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 317(6), खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 4/21, खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम) नियम, 2006 की धारा 18 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 51/177 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। वन विभाग को भेजी गई सूचना सबलगढ़ थाना प्रभारी पंकज मुद्गल ने बताया कि जब्त वाहन की राजसात (जब्ती की अंतिम कार्रवाई) की प्रक्रिया के लिए संबंधित वन विभाग को सूचना भेज दी गई है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार चालक की तलाश जारी है।