समाचार · मध्य प्रदेश
चंबल में कल्ली गुर्जर की मौजूदगी से पुलिस अलर्ट:मुरैना-ग्वालियर के 8 थानों की टीमें 15 दिन से जंगलों में सर्चिंग, ग्रामीणों को धमकी का दावा
मुरैना के चंबल के बीहड़ों में 60 हजार रुपए के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर और उसके गिरोह की मुरैना के निठार, पहाड़गढ़ और जौरा क्षेत्र के जंगलों में मौजूदगी की सूचना के बाद पुलिस अलर्ट है। मुरैना और ग्वालियर जिले के 8 थानों की पुलिस टीमें पिछले करीब 15 दिनों से जंगलों और पहाड़ी रास्तों में सर्चिंग कर रही हैं। पुलिस के विशेष दस्ते भी अभियान में लगाए गए हैं। करीब चार दिन पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि कल्ली गुर्जर निरार थाना क्षेत्र के तोर गांव के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही मुरैना और ग्वालियर पुलिस की टीमों ने गांव और आसपास के जंगलों की घेराबंदी कर सर्चिंग शुरू की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही कल्ली अपने चार साथियों के साथ जंगल के रास्ते निकल गया। इसके बाद पुलिस ने निरार से सबलगढ़ और जौरा से पहाड़गढ़ तक फैले जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। ग्वालियर के घाटीगांव, पनिहार, मोहना, तिघरा, आरोन और गिठई सहित मुरैना जिले के कई थानों की टीमें लगातार जंगलों को खंगाल रही हैं। 8 थानों की टीमें जंगलों में कर रहीं सर्चिंग
कल्ली गुर्जर की तलाश में मुरैना और ग्वालियर पुलिस की संयुक्त टीमें सक्रिय हैं। जंगलों में संभावित ठिकानों, पहाड़ी रास्तों और ग्रामीण इलाकों में पुलिस लगातार मूवमेंट कर रही है। गिरोह के हर संभावित ठिकाने की सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि कल्ली और उसके साथी जंगलों में छिपने के साथ ही परिचितों और रिश्तेदारों के घरों में भी पनाह ले सकते हैं। इसी आधार पर पुलिस ग्रामीण इलाकों में भी निगरानी बढ़ा रही है। ग्रामीणों को धमकी, पुलिस को सूचना देने से डर
गांवों में डकैत गिरोह की मौजूदगी की चर्चा के बाद ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गिरोह की ओर से पुलिस को सूचना देने पर गोली मारने की धमकी दी गई है। इसी डर के कारण सर्चिंग के दौरान कई ग्रामीण पुलिस को गिरोह की गतिविधियों के बारे में जानकारी देने से बच रहे हैं। पुलिस के लिए यह स्थिति चुनौती बन गई है। जंगलों और बीहड़ क्षेत्र में स्थानीय लोगों से सूचना नहीं मिलने के कारण गिरोह तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। पुलिस की चिंता इसलिए भी बढ़ी हुई है क्योंकि जुलाई के अंतिम सप्ताह में ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे पर मोहना-घाटीगांव के बीच दिल्ली से भोपाल जा रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर रंगदारी मांगने की वारदात सामने आई थी। आरोप है कि ड्राइवर ने रंगदारी देने से इनकार किया तो बदमाशों ने फायरिंग की और ट्रक के 12 टायरों को गोलियों से छलनी कर दिया। पुलिस इस वारदात को भी गिरोह की गतिविधियों से जोड़कर जांच कर रही है। नाबालिग से शादी की जिद को लेकर चर्चा में आया था
कल्ली गुर्जर मूल रूप से मुरैना के सरायछोला थाना क्षेत्र के बखासिन गांव का रहने वाला बताया जाता है। वह चंबल के कुख्यात डकैत गुड्डा गुर्जर के गिरोह से जुड़कर अपराध की दुनिया में आया था। साल 2022 में नाबालिग लड़की से जबरन सगाई और शादी की जिद के मामले में कल्ली सुर्खियों में आया था। परिजनों के विरोध करने पर फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगा था। इसके बाद से पुलिस की नजर में वह लगातार बना हुआ है। जंगलों में लगातार चल रहा सर्च ऑपरेशन
डकैत कल्ली गुर्जर और उसके साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार जंगलों में सर्चिंग कर रही है। संभावित ठिकानों की घेराबंदी के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह की हर सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही उसे पकड़ने के लिए अभियान जारी रहेगा। एएसपी सुरेंद्र पाल के अनुसार ग्वालियर, मुरैना दोनों जिलों की पुलिस सर्चिंग कर रही है। ग्रामीणों के द्वारा सूचना संकलन में मदद ना मिलने से उसको पकड़ने में परेशानी आ रही है। ग्रामीणों से अपील भी पुलिस ने की कि किसी भी तरह के संदिग्ध को देख सूचना दे ताकि उसको गिरफ्तार किया जा सके। अभी बरसात का भी मौसम है जंगल में सर्चिंग में भी परेशानी आ रही है जल्द ही गिरफ्तार इस इनामी को किया जाएगा।