Sunday, 11 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बर्फी खाने के बाद माता-पिता बीमार, मासूम की मौत:परिजन बोले- खाते ही उल्टियां हुईं; दुकानदार ने 1500 देकर भगाया; भीड़ ने की तोड़फोड़

INT News10 October 2026 at 10:38 pm

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मावे की बर्फी खाने के बाद एक दंपती और उनके 3 साल के बेटे आर्यन की तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान शनिवार दोपहर बच्चे की मौत हो गई। मां अस्पताल में भर्ती है, जबकि पिता जितेंद्र गोस्वामी की तबीयत में सुधार है। मामला जावरा के बिनोली का है। बच्चे की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण मिठाई की दुकान पर पहुंचे। यहां हंगामा हुआ और भीड़ ने काउंटर के कांच तोड़ दिए। लोगों ने कहा- जहरीली मिठाई बेची, जिससे हमने बच्चे को खो दिया। खाद्य विभाग की टीम ने मिठाई के सैंपल लिए हैं। ये तस्वीरें देखिए… गुरुवार रात परिवार ने खाई थी मावे की बर्फी मृत बच्चे के पिता जितेंद्र गोस्वामी ने बताया कि उन्होंने गुरुवार दोपहर कमानी गेट के पास स्थित देवश्री मिठाई की दुकान से मावे की बर्फी खरीदी थी। रात में जितेंद्र, उनकी पत्नी और बेटे आर्यन ने बर्फी खाई। इसके बाद तीनों को उल्टियां होने लगीं और उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन पहले उन्हें पास के गांव में डॉक्टर के पास ले गए। शुक्रवार सुबह वे जावरा पहुंचे और दो निजी अस्पतालों में इलाज कराने की कोशिश की। इसके बाद शनिवार सुबह परिवार मंदसौर के एक निजी अस्पताल पहुंचा। यहां मां और बेटे को भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शनिवार दोपहर आर्यन की मौत हो गई। चाचा का आरोप- दुकानदार ने मिठाई फेंकी मृत बच्चे के चाचा कालू गिरी गोस्वामी ने आरोप लगाया कि दुकानदार शुक्रवार को मिठाई वापस ले गया और उसे कचरे में फेंक दिया। चाचा के मुताबिक, दुकानदार ने इलाज के लिए 1500 रुपए दिए और उन्हें वहां से भगा दिया। खाद्य विभाग ने मिठाई के सैंपल लिए घटना की सूचना मिलने पर गांव के सरपंच ने खाद्य विभाग और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने मिठाई की दुकान से जांच के लिए सैंपल लिए। बच्चे का शनिवार शाम पोस्टमॉर्टम कराया गया और विसरा सुरक्षित रखा गया, ताकि उसकी अलग से जांच हो सके। जावरा सिटी थाना प्रभारी दीपक मंडलोई ने बताया- खाद्य विभाग ने दुकान से सैंपल लिए हैं। बच्चे का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और विसरा सुरक्षित रखा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।