समाचार · छत्तीसगढ़
बालोद के तांदुला जलाशय किनारे घूमता रहा भालू:दो घरों में घुसकर ढूंढता रहा अनाज, NH-930 पार कर जंगल गया; वन विभाग ने किया अलर्ट
बालोद शहर के पास तांदुला जलाशय किनारे पर्यावरण पार्क के पास सोमवार शाम एक भालू दिखाई दिया। वह जुर्रीपारा के दो घरों में भोजन तलाशता रहा और बाद में नेशनल हाईवे-930 पार कर जंगल की ओर चला गया। इस दौरान किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भालू शाम करीब 4:30 बजे पर्यावरण पार्क के आगे जलाशय के पास दिखा। उसे देखकर वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने उसका वीडियो भी बनाया। सूचना के अनुसार, भालू गोंदली नहर किनारे से बालोद-दल्लीराजहरा मार्ग तक पहुंचा। इसके बाद उसने नेशनल हाईवे-930 पार किया और दूसरी ओर के जंगल में चला गया। वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जंगल के अंदर नहीं जाने की सलाह दी है। सुबह पिकनिक मनाने पहुंचे थे 200 से ज्यादा बच्चे इस घटना के बाद पर्यावरण पार्क आने वाले बच्चों और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सोमवार को ही एक निजी स्कूल के 200 से ज्यादा बच्चे सुबह 9 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक पिकनिक मनाने पार्क पहुंचे थे। हालांकि, भालू शाम करीब 4.30 बजे दिखाई दिया। यानी बच्चों के लौटने के करीब चार घंटे बाद भालू वहां पहुंचा। जुर्रीपारा, कुंदरूपारा और रामनगर के इलाके जंगल से लगे हुए हैं। इस वजह से यहां वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। दो घरों में घुसकर अनाज को नुकसान पहुंचाया रविवार रात करीब डेढ़ से 2 बजे के बीच जुर्रीपारा में भी एक भालू दो घरों में घुस गया था। उसने घरों में रखे अनाज को नुकसान पहुंचाया। सोमवार दोपहर पर्यावरण पार्क के पास भी भालू देखा गया था। कुछ दिन पहले ग्राम तरौद में भी एक भालू रात के समय कई घरों में घुसा था और गुड़ समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया था। लगातार भालू दिखने की घटनाओं के बाद लोगों ने वन विभाग से पर्यावरण पार्क और तांदुला जलाशय के आसपास निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।