Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

कोरबा में दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत:छुरी में बाइक ट्रक से टकराई, लालघाट में स्कॉर्पियो से भिड़ंत; एक महिला गंभीर

INT News24 November 2026 at 09:31 pm

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पहला हादसा छुरी के सलोरा बकरा बाजार के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। दूसरा हादसा लालघाट के पास हुआ, जहां स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। ट्रक से टकराई बाइक, पति की मौत पहला हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित सलोरा बकरा बाजार के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, बिंझरी निवासी एक दंपति बाइक से गौरा पूजा में शामिल होने के लिए अपने ससुराल सिरकी जा रहा था। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रक अचानक सड़क पर रुका था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चला रहे पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत दूसरा हादसा कटघोरा के लालघाट के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान की जा रही है। पुलिस ने जब्त किए दुर्घटनाग्रस्त वाहन दोनों हादसों की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि दोनों हादसों में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था। दोनों मामलों में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।