समाचार · छत्तीसगढ़
नकटी गांव में कार्रवाई...सरगुजा कांग्रेस ने फूंका सरकार का पुतला:बारिश में विधायक कॉलोनी बनाने के लिए गरीबों के घर तोड़ने का विरोध
सरगुजा कांग्रेस ने रायपुर के माना स्थित नकटी गांव में विधायक कॉलोनी बनाने के नाम पर बरसात में 85 घरों पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि सरकार और प्रशासन की यह कार्रवाई पूरी तरह से अमानवीय और असंवेदनशील है। मानसून में घरों को उजाड़ना सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का भी उलंघन है। सरगुजा कांग्रेस ने कांग्रेस कार्यालय से रैली निकाली और घड़ी चौक में सरकार का पुतला फूंका। पुतला दहन रोकने के लिए पुलिस जवान तैनात थे। पुलिस जवानों ने पुतला छीनने की कोशिश की। नोकझोंक के बीच कांग्रेसी पुतला जलाने में सफल रहे। कांग्रेस ने कहा-प्रदेश में जनता के लिए गारंटी नहीं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार ने बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती कर भरी बरसात में 85 घरों पर बुलडोजर चला दिया। इनमें 32 मकान इंदिरा आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने थे। गुरुवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ग्राम नकटी के दौरे पर गए थे और प्रभावित परिवारों से उन्होंने मुलाकात की थी। बालकृष्ण पाठक ने कहा कि भाजपा सांसद इस मामले में सरकार से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि मानसून में लोगों के घरों को उजाड़ना सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास आमजनता और मीडिया के सवालों का जवाब नहीं है। हर बात पर उनका बस एक ही जवाब है- मोदी की गारंटी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पर सवाल उठाया कि प्रदेश के मुखिया होने के नाते प्रदेश और इसकी जनता के लिये उनकी कोई गारंटी है कि नहीं। ये रहे उपस्थित
कांग्रेस के पुतला दहन कार्यक्रम में जेपी श्रीवास्तव, हेमंत सिन्हा, संजय विश्वकर्मा, मो इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, सत्येंद्र तिवारी, जग्गनाथ कुशवाहा, नुरुल अमीन सिद्दकी, दुर्गेश गुप्ता, प्रशांत सिंह, सरोज साहू, एपी शांडिल्य, डॉ.लालचंद यादव, अतुल तिवारी, रसीद अहमद, संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस, युवक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।