Sunday, 12 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

चिरमिरी नगर निगम में 9 एल्डरमैन ने ली शपथ:स्वास्थ्य मंत्री बोले- ट्रिपल इंजन सरकार को मिला 'बूस्टर इंजन', विकास में निभाएंगे अहम भूमिका

INT News12 July 2026 at 12:03 am

चिरमिरी नगर पालिक निगम में शनिवार को नौ मनोनीत पार्षदों (एल्डरमैन) का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। सभी नवनियुक्त एल्डरमैन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर नगर निगम क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पार्षदों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि चिरमिरी नगर निगम में पहले से ट्रिपल इंजन सरकार काम कर रही है और अब नौ एल्डरमैन के रूप में एक "बूस्टर इंजन" भी जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि सभी मनोनीत पार्षद अपने अनुभव और सामाजिक कार्यों के जरिए शहर के विकास को नई गति देंगे। सभी 40 वार्डों में निभाएंगे भूमिका स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि निर्वाचित पार्षद जहां अपने-अपने वार्ड तक सीमित रहते हैं, वहीं एल्डरमैन पूरे नगर निगम के 40 वार्डों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि एल्डरमैन को 5 हजार रुपये से 1 लाख रुपये तक के विकास कार्य कराने का अधिकार है, जिसका उपयोग जनहित में प्रभावी ढंग से किया जाना चाहिए। नियमों के तहत विकास कार्यों पर जोर मंत्री जायसवाल ने कहा कि सभी विकास कार्य प्रशासनिक और तकनीकी नियमों के अनुरूप होने चाहिए, ताकि योजनाएं बिना किसी बाधा के समय पर पूरी हो सकें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से समन्वय बनाकर शहर के सर्वांगीण विकास के लिए काम करने का आह्वान किया। कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद कार्यक्रम में एमसीबी कलेक्टर संतन जांगड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महापौर राम नरेश राय, सभापति संतोष सिंह, विधायक प्रतिनिधि राजू नायक, पूर्व आयुक्त आर.पी. आँचला, निगम आयुक्त सारथी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मनेंद्रगढ़ में भी हुआ शपथ ग्रहण इससे पहले शुक्रवार को मनेंद्रगढ़ नगर पालिका के मनोनीत एल्डरमैन का भी शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया था। उस अवसर पर भी स्वास्थ्य मंत्री ने कहा था कि नामनिर्दिष्ट पार्षद सभी वार्डों में विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।