समाचार · मध्य प्रदेश
वारासिवनी में रूसिया कृषि केंद्र में मिले एक्सपायरी कीटनाशक:अधिकारी बोले- दवा या खाद खरीदते समय पैकेट पर लिखी एक्सपायरी डेट जरूर देखें
बालाघाट जिले के वारासिवनी में प्रशासन ने किसानों के साथ होने वाली धोखाधड़ी को रोकने के लिए कार्रवाई की है। राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने एक कृषि केंद्र पर अचानक छापा मारकर एक्सपायरी डेट (अवधि पार) के कीटनाशक जब्त किए हैं। इस कार्रवाई से इलाके के कृषि व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। एसडीएम कार्तिकेय जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार शाम के वक्त नगर के मशहूर रूसिया कृषि केंद्र का निरीक्षण किया। इस औचक कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सुरेश उपाध्याय, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी प्रतिभा टेंभरे और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही। जांच में खुली पोल, स्टॉक रजिस्टर और लाइसेंस खंगाले प्रशासनिक टीम ने कृषि केंद्र के अंदर रखे धान के बीज, अलग-अलग कंपनियों के कीटनाशकों के स्टॉक रजिस्टर, व्यावसायिक लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजातों की बारीकी से जांच की। इसी दौरान टीम को दुकान में भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट के कीटनाशक रखे मिले। इसे किसानों की फसलों और पैसों के साथ गंभीर खिलवाड़ मानते हुए अधिकारियों ने पूरी खेप को तुरंत अपनी कस्टडी में ले लिया। जब्त कीटनाशक होंगे नष्ट, दुकानदारों को सख्त चेतावनी एसडीएम कार्तिकेय जायसवाल ने बताया कि जब्त किए गए एक्सपायरी कीटनाशकों को नियमों के मुताबिक नष्ट किया जाएगा, जिसके लिए कृषि विभाग को जरूरी दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि किसानों की सेहत और फसलों की सुरक्षा से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने क्षेत्र के सभी खाद-बीज और कीटनाशक व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी है कि वे सरकारी नियमों और मानकों का पालन करें। अगर कोई भी दुकानदार एक्सपायरी सामान बेचते हुए पाया गया, तो उसका लाइसेंस रद्द कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसानों के लिए जरूरी सलाह दुकान से कोई भी कीटनाशक, दवा या खाद खरीदते समय पैकेट पर लिखी एक्सपायरी डेट को ध्यान से जरूर देखें। खरीदारी करने के बाद दुकानदार से पक्का बिल (कैश मेमो) मांगना कभी न भूलें, ताकि गड़बड़ी होने पर सबूत रहे।