Wednesday, 5 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

5 हजार के इनामी ड्रग तस्कर का कोर्ट में सरेंडर:एमडी ड्रग के तीन मामलों में फरार था आरोपी; कुछ दिन पहले भाई भी क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा था

INT News4 August 2026 at 10:15 pm

हीरानगर थाना पुलिस ने एमडी ड्रग के तीन मामलों में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश अजय उर्फ अजय यादव को कोर्ट से गिरफ्तार किया है। पुलिस की लगातार दबिश और गिरफ्तारी के डर से आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट लेकर उसे हिरासत में लिया। आरोपी की तलाश हीरानगर पुलिस और क्राइम ब्रांच लंबे समय से कर रही थी। हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ अजय पुत्र कन्हैयालाल यादव, भागीरथपुरा स्थित इमली वाली गली का रहने वाला है। उसके खिलाफ हीरानगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एमडी ड्रग से जुड़े तीन प्रकरण दर्ज हैं। इन सभी मामलों में वह फरार चल रहा था, जिसके चलते उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अजय के खिलाफ हातोद और बाणगंगा थाने में भी करीब पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ दिन पहले भाई भी हुआ था गिरफ्तार पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले क्राइम ब्रांच ने आरोपी के भाई साहिल उर्फ ओमप्रकाश को एमडी ड्रग के साथ गिरफ्तार किया था। क्राइम ब्रांच की टीम मूल रूप से अजय की तलाश में पहुंची थी, लेकिन मौके से उसका भाई साहिल मादक पदार्थ के साथ पकड़ा गया। साहिल के खिलाफ भी बाणगंगा और एमजी रोड थानों में तीन प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों का पूरा परिवार मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है। फिलहाल अजय से पूछताछ की जा रही है और पुलिस उससे ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।