Wednesday, 5 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

विदिशा में बच्चों के गले से गहने चोरी:चार दिन में दूसरी वारदात; सीसीटीवी के बावजूद आरोपी फरार, पुलिस ने विशेष टीम बनाई

INT News4 August 2026 at 10:13 pm

विदिशा शहर में मासूम बच्चों के गले से सोने के गहने चोरी करने वाला एक गिरोह सक्रिय है। महज चार दिन के भीतर ऐसी दूसरी वारदात सामने आई है। ताजा मामला शहर के किरी मोहल्ला का है। 31 जुलाई की शाम करीब 7 बजे, अर्पित लखेरा की चूड़ी-कंगन की दुकान पर एक युवक ग्राहक बनकर आया। उसने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था और अर्पित की पत्नी को सामान दिखाने में उलझा दिया। इसी दौरान, बदमाश ने दुकान में खेल रहे मासूम बच्चे के गले से ब्लेड जैसी धारदार वस्तु से करीब 25 हजार रुपए कीमत के सोने की हाय और चांदी के चंदा-सूरज काट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों ने मंगलवार को कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की है। जिला अस्पताल में भी हुई थी ऐसी घटना

इससे पहले, जिला अस्पताल में भी एक मासूम बच्चे के गले से सोने का लॉकेट चोरी होने की घटना सामने आई थी। उस समय बच्चे की मां पानी भरने गई थी और आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया था। शमशाबाद की रेखा बाई अपने परिवार के साथ जिला अस्पताल आई थीं, जहां उनकी मामी की डिलीवरी हुई थी। रेखा बाई अपनी बड़ी मामी के साथ अस्पताल परिसर में पानी भरने गई थीं, तभी उनकी एक साल की बेटी खुशी के गले से अज्ञात व्यक्ति ने सोने का लॉकेट निकाल लिया। लगातार दो घटनाओं ने शहर में बच्चों को निशाना बनाने वाले किसी संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका बढ़ा दी है। एसपी काशवानी ने विशेष टीम गठित की

पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। कोतवाली पुलिस को निर्देश दिए गए हैं और एक विशेष टीम गठित की गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।