समाचार · हरियाणा
पानीपत में शराब कारोबारी से मांगी ₹10 करोड़ की रंगदारी:वॉट्सएप कॉल पर दी जान से मारने की धमकी, कहा-मेरे पास तेरी पूरी कुंडली है
पानीपत जिले के मतलौडा थाना अंतर्गत गांव नारा में एक ग्रामीण से वॉट्सएप के जरिए 10 करोड़ रुपए की भारी-भरकम रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित को उसके और उसके पूरे परिवार के पल-पल की मूवमेंट की जानकारी होने का दावा किया। इस दौरान आरोपी ने पैसे न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी है। पीड़ित की शिकायत और शुरुआती सुरक्षा प्रबंधों के बाद मतलौडा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वॉट्सएप पर कहा- तुम्हारी पूरी कुंडली मेरे पास है, 10 करोड़ दो पुलिस को दी गई शिकायत में नारा गांव निवासी 48 वर्षीय चांद सिंह ने बताया कि 16 अगस्त की सुबह करीब 9:33 बजे उनके वॉट्सएप पर मैसेज और कॉल आई। कॉल करने वाले आरोपी (जिसकी पहचान अनिल पंडित के रूप में बताई गई है) ने पीड़ित को धमकाते हुए सीधे 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। आरोपी ने कहा कि वह चांद सिंह और उनके परिवार के बारे में सबकुछ जानता है। उसके पास पीड़ित के कब, कहां आने-जाने की पूरी कुंडली मौजूद है। आरोपी ने धमकी दी कि यदि मांगी गई रकम नहीं दी गई तो चंद सिंह और उनके परिवार का अंजाम बहुत बुरा होगा। 16 अगस्त को ही मिल गई थी पुलिस सुरक्षा, 10 सितंबर को दर्ज हुई FIR 16 अगस्त को धमकी मिलने के तुरंत बाद पीड़ित चांद सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित की सुरक्षा के लिए तुरंत प्रभाव से सुरक्षा मुहैया करवा दी थी। मामले में प्राथमिक जांच व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मतलौडा थाना पुलिस ने 10 सितंबर की रात एफआईआर दर्ज कर ली है।