Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बी प्राक महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए:बोले- सावन में महादेव के दरबार आना सौभाग्य, 'महाकाल-2' भी जल्द लाएंगे

INT News9 August 2026 at 08:56 am

प्रसिद्ध गायक बी प्राक सावन के पवित्र महीने में उज्जैन पहुंचे और बाबा महाकाल की प्रातःकालीन भस्म आरती में दर्शन किए। मंदिर समिति की ओर से उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने उनका स्वागत किया। दर्शन के बाद बी प्राक ने महाकाल की कृपा और उज्जैन प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। बी प्राक ने कहा कि सावन के महीने में महादेव के दरबार आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने उज्जैन में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशासन ने बहुत अच्छी व्यवस्था की है, जिससे भक्तों को बाबा महाकाल के दर्शन का लाभ मिल रहा है। जल्द लॉन्च होगा महाकाल-2 बी प्राक ने बताया कि महाकाल की कृपा से वह पहली बार उज्जैन में परफॉर्मेंस देने पहुंचे हैं। इससे पहले उनका शो इंदौर में हुआ था, लेकिन महाकाल की नगरी में प्रस्तुति देना उनके लिए एक खास अनुभव है। उन्होंने अपने चर्चित भजन 'महाकाल' का भी जिक्र किया, जिसके बोल 'महाकाल महाकाल है प्यारे' थे। बी प्राक ने बताया कि यह भजन महाकाल के आशीर्वाद से काफी प्रसिद्ध हुआ और इसे सोशल मीडिया पर करोड़ों व्यू मिले। उन्होंने यह भी बताया कि महादेव पर उनका एक नया भजन जल्द रिलीज होने वाला है, जबकि 'महाकाल-2' को भी बहुत जल्द दर्शकों के बीच लाने की तैयारी है। उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम को लेकर बी प्राक ने मध्यप्रदेश सरकार, पुलिस प्रशासन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी में आकर बाबा के दर्शन करना और यहीं परफॉर्म करना उनके लिए किसी सौभाग्य से कम नहीं है।