Monday, 31 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अगस्त खत्म होने को, रायसेन में बारिश का कोटा अधूरा:अभी भी 22.46 इंच कम बरसात रिकॉर्ड; अब सितंबर की वर्षा खरीफ फसलों को उम्मीद

INT News31 August 2026 at 09:44 am

इस साल अगस्त माह समाप्त होने को है, लेकिन रायसेन जिले में बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया है। 29 अगस्त तक जिले में औसत 719.02 मिलीमीटर (28.31 इंच) बारिश हुई है। यह पिछले साल की इसी अवधि में हुई 1289.6 मिलीमीटर (50.77 इंच) बारिश से 570.58 मिलीमीटर (लगभग 22.46 इंच) कम है। जिले की औसत वार्षिक बारिश 1197.1 मिलीमीटर (47.13 इंच) मानी जाती है। इस वर्ष 29 अगस्त तक दर्ज बारिश सामान्य औसत से भी लगभग 478.08 मिलीमीटर (18.82 इंच) कम है। अगस्त माह में अच्छी बारिश की उम्मीद थी, लेकिन पूरे महीने में केवल कुछ ही बार तेज बारिश हुई। अधिकांश दिनों में बादल छाए रहने के बावजूद वर्षा नहीं हुई। अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार

पिछले वर्ष जिले में बारिश का दौर काफी बेहतर था, जहां 23 अगस्त तक ही लगभग 1260 मिलीमीटर (49.61 इंच) बारिश दर्ज हो चुकी थी। इस साल 23 अगस्त के बाद भी बारिश में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है। बीते दो दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं और मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट भी जारी किया है, हालांकि कई क्षेत्रों में अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार है। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 29 अगस्त तक गैरतगंज में 837.6 मिमी (32.98 इंच), बेगमगंज में 877.8 मिमी (34.56 इंच) और उदयपुरा में 910 मिमी (35.83 इंच) बारिश दर्ज की गई है। इसके विपरीत, रायसेन में 616.4 मिमी (24.27 इंच), सिलवानी में 595.6 मिमी (23.45 इंच) और बरेली में 600 मिमी (23.62 इंच) बारिश हुई है। जलसंकट और फसलों पर असर की आशंका

बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी पीछे रहने से आने वाले दिनों में इसका असर जलस्रोतों पर दिखाई दे सकता है। तालाब, कुएं और अन्य जलस्रोतों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचा तो आगामी गर्मी में पेयजल संकट की स्थिति बन सकती है। वहीं कम बारिश का असर खरीफ फसलों पर भी पड़ने की आशंका है। किसानों को अब सितंबर में होने वाली बारिश से काफी उम्मीदें हैं।