समाचार · मध्य प्रदेश
रायसेन में 12 दिन बाद बारिश:15 मिनट की तेज वर्षा से सड़कें तरबतर, किसानों को राहत
रायसेन जिले में 12 दिन के अंतराल के बाद शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे बारिश हुई। लगभग 15 मिनट तक हुई तेज वर्षा से शहर की सड़कें तरबतर हो गईं और कई दिनों से बनी उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि, मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जैसी व्यापक बारिश की उम्मीद थी, वैसी स्थिति फिलहाल नहीं बन पाई है। इस बारिश से किसानों को सर्वाधिक राहत मिली है। पिछले कई दिनों से वर्षा न होने के कारण धान की फसल पर संकट गहरा गया था। खेतों में दरारें पड़ गई थीं और धान के पौधे मुरझाने लगे थे। किसानों को अब अगस्त महीने में अच्छी बारिश की उम्मीद है। उनका कहना है कि यदि अगस्त में पर्याप्त वर्षा हुई तो धान की फसल बच सकती है, अन्यथा भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। भू-अभिलेख शाखा के अनुसार, 1 जून से 6 अगस्त 2026 तक जिले में औसतन 448.63 मिमी (लगभग 17.66 इंच) वर्षा दर्ज की गई है। इसमें रायसेन में 14.57 इंच, गैरतगंज में 22.44 इंच, बेगमगंज में 21.36 इंच, सिलवानी में 14.28 इंच, गौहरगंज में 17.82 इंच, बरेली में 15.36 इंच, उदयपुरा में 20.83 इंच, बाड़ी में 16.71 इंच, सुल्तानपुर में 17.99 इंच और देवरी में 15.27 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई। बीते 24 घंटे के दौरान जिले में औसतन केवल 1.22 मिमी (लगभग 0.05 इंच) वर्षा दर्ज हुई। इस अवधि में सिलवानी में 1 मिमी, गौहरगंज में 1.8 मिमी, बरेली में 2.8 मिमी, बाड़ी में 2.5 मिमी और देवरी में 4.1 मिमी बारिश हुई, जबकि अन्य वर्षामापी केंद्रों पर कोई वर्षा दर्ज नहीं की गई।