entertainment
बिग बॉस 20: गुल्लू ने आम्रपाली पर मारा पर्सनल ताना तो भड़कीं कनिका, भाईजान ने ली यंग की चुटकी; आज घर में लगा सितारों का मेला

Bigg Boss 20 के घर में वीकेंड का वार हमेशा की तरह फुल ऑन ड्रामे, तानों और खुलासों से भरा रहा. आज के एपिसोड की शुरुआत जहां आरिशफा और गुल्लू के बीच गंदे झगड़े से हुई, वहीं भाईजान सलमान खान ने स्टेज पर आते ही घरवालों का मूड पूरी तरह बदल दिया. घर में सितारों का मेला भी लगा, टास्क के बहाने पुरानी खुन्नस भी निकली और नए कैप्टन आसिफ की ताजपोशी पर भी बात हुई. यानी आज के पूरे एपिसोड में मसाला कूट-कूट कर भरा था.
शुरुआत में ही फूटा कलेश: आरिशफा ने गुल्लू को कहा 'नाली का कीड़ा'
एपिसोड शुरू होते ही घर का माहौल एकदम गर्म हो गया. गुल्लू और आरिशफा खान के बीच किसी बात को लेकर जोरदार बहस छिड़ गई. झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरिशफा ने आपा खो दिया. आरिशफा ने सीधे गुल्लू पर हमला बोलते हुए कहा, "तुम बुली इंसान हो, तुम्हारी वजह से बच्चे स्कूल नहीं जाते होंगे." बात यहीं खत्म नहीं हुई, गुस्से में आरिशफा ने गुल्लू को 'नाली का कीड़ा' तक कह डाला. इस पूरे तमाशे के बीच माही विज खुलकर गुल्लू के सपोर्ट में खड़ी नजर आईं.
View on Instagram
सलमान भाई ने की घरवालों की तारीफ, कहा-'बिग बॉस की लाज रख ली'
इसके बाद स्टेज पर हुई सलमान खान की धांसू एंट्री. आते ही भाईजान ने घरवालों पर तंज और तारीफ का मिला-जुला तीर चलाया. सलमान ने मुस्कुराते हुए कहा, "पिछले हफ्ते मैंने डांट लगाई थी कि तुम लोग क्या कर रहे हो, लेकिन इस हफ्ते तो मेरे पास कहने के लिए कुछ बचा ही नहीं है. तुम लोगों ने मेरी बात इतनी अच्छी तरह मान ली कि मुझे लगता है अब मुझे यहां आने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी. इस हफ्ते तो सच में तुम लोगों ने बिग बॉस की लाज रख ली" सलमान की इस बात से घरवालों के चेहरों पर थोड़ी राहत नजर आई.
यंग की जलन पर ली चुटकी, तो स्काउट ने संभाला मोर्चा
मजाकिया अंदाज को आगे बढ़ाते हुए सलमान खान ने यंग डीएसए की टांग खींची. भाईजान ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब भी स्काउट और लव गिल साथ होते हैं, तो यंग को अंदर ही अंदर जलन होने लगती है. बात बढ़ती देख तुरंत स्काउट ने मोर्चा संभाला. स्काउट ने मामले को संभालते हुए साफ कहा कि यंग उनका सबसे बड़ा इमोशनल सपोर्ट हैं और उन्होंने खुलकर यंग की तारीफ की.
गुल्लू का 'पानी वाला टास्क'
इसके बाद सलमान ने गुल्लू को एक टेढ़ा टास्क दिया. गुल्लू को ऐसे 3 घरवालों को चुनना था, जिनका 'असली चेहरा' अब तक सामने नहीं आया है. गुल्लू ने बिना सोचे आम्रपाली, यंग और आरिशफा का नाम ले लिया. टास्क के मुताबिक, गुल्लू को इन तीनों के चेहरे पर पानी फेंककर उनका नकाब उतारना था और अपनी भड़ास निकालनी थी.
पानी फेंकते हुए गुल्लू ने जमकर खरी-खोटी सुनाई. आम्रपाली के साथ बहस तो चल ही रही थी, लेकिन मामला तब हद से पार हो गया जब गुल्लू ने आम्रपाली के करियर पर वार करते हुए कह दिया कि " इसके पास कोई काम नहीं है." इस पर्सनल कमेंट को सुनते ही कनिका मान भी भड़क गईं और गुल्लू पर गुस्सा निकालने लगीं.
View on Instagram
नए कैप्टन आसिफ को मिली बधाई, उदिति पर फूटा गुस्सा
वीकेंड के वार पर सलमान खान ने घर के नए कैप्टन बने आसिफ खान को मुबारकबाद दी. इसके बाद सलमान ने पुरानी कैप्टन उदिति सिंह का रिपोर्ट कार्ड खोला और घरवालों से रिव्यू मांगा. बस फिर क्या था, मौका मिलते ही कई घरवालों ने उदिति के पूरे हफ्ते के काम और फैसलों पर जमकर अपनी पुरानी भड़ास निकाल दी.
View on Instagram
मनीष गोयल की वाइल्ड कार्ड एंट्री ने उड़ाए सबके होश
एपिसोड के आखिर में बिग बॉस ने घर के अंदर सबसे बड़ा धमाका किया. जाने-माने एक्टर मनीष गोयल की बतौर वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट घर में धमाकेदार एंट्री हुई. मनीष के अचानक शो में आने से घरवालों के चेहरे का रंग उड़ गया. अब देखना होगा कि मनीष की इस नई एंट्री से घर के पहले से बिगड़े समीकरण क्या नया मोड़ लेते हैं.
घर में सितारों का मेला: रणविजय, नेहा धूपिया और राजकुमार राव की एंट्री
आज के एपिसोड में एंटरटेनमेंट का तड़का लगाने कई बड़े मेहमान पहुंचे. रणविजय, नेहा धूपिया और अभिषेक मल्हान ने घर में आकर माहौल जमाया. वहीं अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए राजकुमार राव और वामिका गब्बी भी स्टेज पर नजर आए. इस दौरान राजकुमार राव ने सलमान खान के पुराने और मशहूर 'भाई मोटा हो गया है' वाले किस्से का जिक्र किया और भाईजान के फिट अंदाज की जमकर तारीफ की.
कुल मिलाकर, आज का वीकेंड का वार तीखी लड़ाइयों, मजेदार चुटकुलों और नए विवादों से भरपूर रहा. गुल्लू के तीखे बोल अब आने वाले दिनों में घर में कौन सा नया बखेड़ा खड़ा करते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा.
ये भी पढ़ें: एक्सीडेंट के बाद नुसरत भरुचा ने शेयर की व्हीलचेयर की तस्वीर: बोलीं - 'नजारा बदल गया, पर पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त'