Tuesday, 30 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भोपाल के सेल्समैन ने ग्वालियर में लगाई फांसी:धर्मशाला के कर्मचारी किराया लेने पहुंचे तक पता चला; पत्नी से चल रही थी कलह

INT News30 June 2026 at 09:19 pm

ग्वालियर में एक मार्केटिंग कंपनी के सेल्समैन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह यहां एक धर्मशाला में रुका हुआ था। शाम को जब वह नजर नहीं आया, तो धर्मशाला के कर्मचारियों ने उसके कमरे में जाकर देखा। वहां वह पंखे से लटका मिला। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चुरी भिजवाया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम धर्मशाला की है। मृतक की पहचान भोपाल निवासी अमित सिंह पिता कैलाश सिंह (48) के रूप में हुई है। वह भोपाल के कोलार रोड का निवासी था और वहीं की एक मार्केटिंग कंपनी में सेल्समैन के रूप में काम करता था। 17 जून को लिया था कमरा बताया जा रहा है कि 17 जून को वह भोपाल से आकर महाराज बाड़ा स्थित श्रीराम धर्मशाला में ठहरा था। धर्मशाला के कर्मचारियों के अनुसार मंगलवार रात 9 बजे तक अमित बाहर टहलता हुआ नजर आया। इसके बाद वह दिखाई नहीं दिया। धर्मशाला में किसी की उठावनी का कार्यक्रम था, इसलिए कर्मचारी उसमें व्यस्त रहे। धर्मशाला में ठहरने वाले लोगों से प्रतिदिन किराया जमा कराया जाता है। शाम तक जब अमित सिंह रिसेप्शन पर आकर पैसे जमा कराने नहीं पहुंचा, तो एक कर्मचारी को उसके कमरे पर भेजा गया। कर्मचारी ने कई बार कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, जिससे उसे संदेह हुआ। बेडशीट से बनाया फंदा कर्मचारी ने कमरे के वेंटिलेशन से झांककर देखा तो अमित सिंह पंखे से लटका हुआ था। इसके बाद धर्मशाला के कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। जांच में सामने आया कि अमित ने बेडशीट फाड़कर फंदा बनाया था और उसी के सहारे पंखे से लटक गया। पत्नी से चल रहा था विवाद अमित सिंह ने धर्मशाला में जो पता दर्ज कराया था, उसके आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने भोपाल के कोलार रोड थाने को सूचना दी। जब कोलार रोड पुलिस बताए गए पते पर पहुंची, तो पता चला कि वह मकान बिक चुका है। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ कर अमित के परिजनों का पता लगाया और उनसे संपर्क किया। अमित के भाई ने पुलिस को बताया कि पिछले दो वर्षों से वह पारिवारिक कलह से जूझ रहा था। उसकी पत्नी बच्चों को लेकर अलग रहने लगी थी। इसी वजह से वह लंबे समय से तनाव में था।