समाचार · पंजाब
लुधियाना में 46 सेकेंड में बाइक चोरी:मास्टर चाबी से लॉक खोला, पैदल ही गली से बाहर ले गए; CCTV में कैद वारदात
लुधियाना में चोर एक युवक की बाइक चोरी कर फरार हो गए। चोरों ने बाइक स्टार्ट नहीं की, बल्कि उसे पैदल ही गली से बाहर ले गए। पूरी वारदात घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। मामला जनकपुरी इलाके की गली नंबर 7 का है। बाइक मालिक कमल ने बताया कि वह एक बीमा कंपनी में काम करता है। रोजाना की तरह उसने रविवार रात को बाइक घर के बाहर पार्क की थी। सुबह उठकर देखा तो बाइक गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी जब बाइक का पता नहीं चला तो उसने घर के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की। CCTV फुटेज चेक करने पर पता चला कि 3:40 बजे दो युवक बाइक चोरी करने पहुंचे थे। दोनों ने किसी मास्टर चाबी की मदद से बाइक का लॉक खोला। इसके बाद बाइक स्टार्ट किए बिना ही उसे पैदल लेकर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात करीब 46 सेकेंड में अंजाम दी गई। एक चोर ने चेहरा ढका, दूसरे का चेहरा साफ नजर आया CCTV फुटेज में दोनों आरोपी दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक ने चेहरा कपड़े से ढका हुआ था, जबकि दूसरे का चेहरा साफ नजर आ रहा है। कमल ने बताया कि दोनों युवक इससे पहले कभी इलाके में दिखाई नहीं दिए थे। 2019 मॉडल की थी स्प्लेंडर बाइक कमल के मुताबिक, चोरी हुई बाइक हीरो स्प्लेंडर की 2019 मॉडल है। उसने मामले की शिकायत पुलिस चौकी जनकपुरी में दर्ज करवा दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।