Wednesday, 5 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · मध्य प्रदेश

दतिया की हार से BJP में मचा मंथन, CM मोहन यादव की हाई लेवल बैठक; भीतरघात की जांच को बनी समिति

INT News4 August 2026 at 11:13 pm

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद मध्यप्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को पार्टी संगठन और सरकार के वरिष्ठ नेताओं के साथ अपने आवास पर अहम बैठक की. बैठक में हार के कारणों पर विस्तार से चर्चा हुई और भविष्य की रणनीति को लेकर मंथन किया गया. इस हार को बीजेपी ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी है.

हार की जांच के लिए बनी दो सदस्यीय समिति

इस बैठक के बाद बीजेपी ने चुनावी हार की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया. प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है. यह समिति चुनाव से जुड़े पदाधिकारियों और नेताओं से बातचीत कर हार के कारणों का विश्लेषण करेगी और अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को सौंपेगी.

इस बैठक में सीएम मोहन यादव के अलावा डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, धर्मेंद्र लोधी, तुलसी सिलावट, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, दिलीप जायसवाल, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपचुनाव प्रभारी भरत कुशवाहा समेत संगठन से जुड़े कुछ अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए.

भीतरघात के आरोपों से बढ़ी सियासी गर्मी

बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने बैठक में कुछ पार्टी नेताओं पर भीतरघात का आरोप लगाया. उन्होंने अपनी शिकायत के समर्थन में कथित तौर पर कुछ वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व को सौंपी हैं. इन आरोपों ने पार्टी के भीतर अनुशासन और गुटबाजी को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटना बना बड़ा मुद्दा

दतिया उपचुनाव में बीजेपी ने 6 बार के विधायक और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था. टिकट बदलने के फैसले का स्थानीय स्तर पर तीखा विरोध हुआ.नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने प्रदर्शन किया, राजमार्ग जाम किया और पुलिस से झड़प भी हुई थी. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसका असर चुनावी नतीजों पर भी पड़ा.

कांग्रेस की जीत, बीजेपी के लिए बड़ा संदेश

उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने 6,016 वोटों से जीत दर्ज की. उन्हें 66,757 वोट मिले, जबकि बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 60,741 वोट मिले. आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव 22,527 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. अब सभी की नजर बीजेपी की समीक्षा रिपोर्ट और उसके बाद होने वाली संभावित कार्रवाई पर टिकी है.

तीन राज्यों में तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव

गौरतलब है कि तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए. बिहार की बांकीपुर से जनसुराज प्रशांत किशोर, मध्य प्रदेश की दतिया से कांग्रेस के घनश्याम सिंह और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर BJP के उम्मीदवार सत्येंद्रभाई पटेल (सतीश पटेल) जीत दर्ज की.

ये भी पढ़ें: AAP का पीएम मोदी पर वार,अरविंद केजरीवाल बोल - ट्रंप के दबाव में नहीं देशहित में फैसला लीजिए