समाचार · मध्य प्रदेश
ट्रक चालक से लूट करने वाला युवक गिरफ्तार:मऊगंज में चाकू दिखाकर 5 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर कराए थे, दो आरोपी फरार
मऊगंज थाना क्षेत्र में ट्रक ड्राइवर से चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने ड्राइवर को डराकर 5 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए थे और उसका फोन भी छीनकर भाग गए थे। घटना 3 अगस्त की दोपहर करीब 12:30 बजे सीतापुर में बल्लू ढाबा के पास हुई। ट्रक ड्राइवर रामकुमार पटेल भुसावल से केले भरकर वाराणसी जा रहा था। टोल टैक्स बचाने के चक्कर में उसने रायपुर कर्चुलियान-सीतापुर-मऊगंज का रास्ता लिया था। जैसे ही ट्रक महुगड़ा के पास पहुंचा, बाइक पर आए तीन लड़कों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने ड्राइवर को चाकू दिखाकर धमकाया और उसके फोन से 5 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद उसका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। दो की तलाश जारी घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी सोहित द्विवेदी को पकड़ा गया। ये कुलबेहरिया का रहने वाला है। इससे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में शामिल दो अन्य बदमाश अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।